Move to Jagran APP

पटाखों के शोर में सहमी सफाई

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : गांधी जयंती के दिन ठसक के साथ शहर में शुरू हुई सफाई दीपावली पर ठिठक गई।

By Edited By: Published: Sat, 25 Oct 2014 01:59 AM (IST)Updated: Sat, 25 Oct 2014 01:59 AM (IST)
पटाखों के शोर में सहमी सफाई

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ :

loksabha election banner

गांधी जयंती के दिन ठसक के साथ शहर में शुरू हुई सफाई दीपावली पर ठिठक गई। शहर से लेकर देहात तक पटाखों का ऐसा शोर हुआ कि सफाई भी सहम गई। सुबह मुख्य मार्गो से तो कूड़ा उठा, लेकिन अधिकांश गली-मोहल्लों में झाड़ू तक नहीं लग पाई। हालांकि, नगर निगम का दावा है कि शुक्रवार को शहर से 200 टन कूड़ा उठाया गया है।

शुक्रवार को जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर निगम की धवस्त सफाई व्यवस्था की पोल खोलते दिखाई दिए। हालांकि, निगम ने शुक्रवार को 200 मीट्रिक टन कूड़ा उठाने का दावा किया है। ईद व दीपोत्सव के चलते एक माह से शहर में निगम का सफाई अभियान चला। निगम ने शहर के समस्त वार्डो में टीमें बनाकर साफ-सफाई की। दीपावली से एक सप्ताह पूर्व तो निगम ने युद्ध स्तर पर अभियान चलाने का दावा किया।

घरों व प्रतिष्ठानों में पूरी शिद्दत से साफ-सफाई व रंगाई-पुताई की गई। घरों व प्रतिष्ठानों को दुल्हन की तरफ सजाया गया। अफसोस, दीपावली के बाद शुक्रवार को न तो निगम सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर दिखा और न आम शहरवासी। शहर में करोड़ों रुपयों की आतिशबाजी छोड़ी गई। मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ। दुकानों पर खूब बिक्री हुई। अफसोस, छूटे पटाखों का कूड़ा, मिठाइयों के खाली डिब्बे व पालिथीन, दुकानों से बिक्री के बाद निकला कचरा शुक्रवार को बस्तियों, कालोनियों व बाजारों की सड़कों पर फैला नजर आया।

कूड़े को सड़कों पर फेंकने में लोगों ने कोई हिचक नहीं दिखाई। इस कूड़े को हटाने में निगम के पास कार्ययोजना का अभाव दिखा। रामबाग कालोनी, प्रतिभा कालोनी, एडीए की मसूदाबाद कालोनी व जेलरोड कालोनी, ज्ञान सरोवर कालोनी, मानसरोवर कालोनी, अवंतिका, आवास विकास जैसी पॉश कालोनियों में बेतहाशा गंदगी दिखाई दी।

जनता के बोल

दीपावली से पहले यदि ढंग से सफाई हो जाती तो यह नौबत नहीं आती। शुक्रवार को निगम का कोई कर्मचारी कालोनी में नहीं आया।

- अमित गोस्वामी, रामबाग कालोनी।

कालोनी में नियमित रूप से सफाई कर्मी नहीं आते। निगम से कई बार शिकायत भी कई गई, मगर फायदा नहीं हुआ। गंदगी और बढ़ गई है।

- जितेंद्र कुमार सारस्वत, प्रतिभा कालोनी।

आतिशबाजी के खोखे, मिठाइयों व अन्य उपहारों के डिब्बे और दुकानों से निकला कूड़ा सड़कों पर पड़ा है। उठाने की व्यवस्था नहीं हुई।

- आशीष सिंघल, आवास विकास, मसूदाबाद।

निगम को प्रत्येक कालोनी से त्योहार पर हुए कूड़े को उठाने के लिए सफाई कर्मी व ट्रालियां भेजी होती तो जगह-जगह कूड़े के ढेर नहीं लगते।

- पायल सिंह, जेल रोड, आवास विकास कालोनी।

इनसर्ट

भाई दूज के बाद लगेगी झाड़ू

शुक्रवार को शहर में ट्रालियां लगाकर सेंटर प्वाइंट से करीब 200 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया गया। सफाई कर्मियों के छुंट्टी पर होने के कारण झाड़ू नहीं लगाई जा सकी। भाई दूज के बाद सफाई कर्मियों के लौटने पर ही झाड़ू लग सकेगी।

- शैलेन्द्र कुमार,

नगर आयुक्त, नगर निगम।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.