श्रीराम मेरे घर में पधारे..
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : रमेश विहार के नजदीक कावेरी वाटिका बुधवार को भक्ति के रस में डूब गई। भजन-कीर्तन ने लोगों को ऐसा मुग्ध किया कि सब भक्ति में लीन हो गए। परिसर में स्थित मंदिर में देव प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई।
कावेरी वाटिका में दो दिनों से धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। बुधवार को राम दरबार, शिव परिवार दुर्गा माता, भक्त हनुमान, राधा-कृष्ण की प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया। ढोल-मजीरे और हारमोनियम की धुन पर भक्ति के गीत फूट पड़े। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करने लगे। 'श्रीराम मेरे घर में पधारे, आएं जो बड़े भाग्य हमारे' गीत पर श्रद्धालु जमकर झूमे। रमेश विहार, सूर्य सरोवर आदि स्थानों से भ्रमण करती हुई प्रतिमाएं कावेरी वाटिका में लाई गई। आचार्य ब्रजेश शास्त्री व पंडित सर्वेश कुमार ने मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कराई। गुरुवार को सुबह 11 बजे से भंडारा होगा। कार्यक्रम में कावेरी वाटिका के योगेश गुप्ता, राजीव शर्मा व राजेश अग्रवाल शामिल हुए।