खेती में जैविक खाद का प्रयोग करें किसान
अलीगढ़ : क्षेत्र के गांव नगला कठा में ग्राम विकास समिति के तत्वाधान में एक दिवसीय जैविक खाद प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ, जिसमें किसानों को जैविक खाद से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
मंगलवार को नगला कठा में झांसी से आए कृषि अधिकारी वीके सचान व कृषि वैज्ञानिक विनोद कुमार ने किसानों को बताया कि रासायनिक उर्वरकों एवं रासायनिक कीटनाशकों के लगातार बढ़ते प्रयोग से भूमि की उर्वरता खराब होती जा रही है। भूमिगत जल एवं सतही जल पीने योग्य नहीं रह गया है। खाद श्रंखला में विषैले रसायन से मानव में नई बीमारियां जन्म लेने लगी है। धरती से स्वास्थ्य पर्यावरण, सूक्ष्म जीवों के संरक्षण के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने जैविक खाद्य को खेती में बढ़ावा देने के लिए जोर देते हुए कहा कि जैविक खाद्य सभी प्रकार की भूमियों की उर्वरा शक्ति एवं उत्पादकता बढ़ाने में लाभकारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामस्वरूप शर्मा व संचालन गजराज सिंह ने किया। इस मौके पर डा. योगेंद्र आर्य, बुद्धसेन, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, जाहर सिंह, देवी सिंह, राजीव तौमर आदि थे।