बेटे को बाप से छीन ले गई मां
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र के शंकर विहार में एक मासूम के सरेशाम अपहरण का हल्ला कटा। पुलिस भी सकते में आ गई। कुछ देर बाद अपहर्ताओं के बारे में स्थिति साफ हुई तो पुलिस को चैन आया। बेटे के अपहरण का आरोप उसकी मां समेत तीन पर ही लगाया गया है। बच्चे के पिता ने नकाबपोश महिला के साथ एक गेस्ट हाउस मालिक व प्रॉपर्टी डीलर पर अपहरण की तहरीर दी है। पुलिस का मानना है कि यह अपहरण का मामला नहीं है। पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। पत्नी अपने बच्चे को छीन ले गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी ने दोनों पक्षों को तलब किया है।
ये है मामला
बुलंदशहर के थाना छतारी के गांव दीवला खेड़ा निवासी ओंकार सिंह फिलवक्त शंकर विहार कॉलोनी में राम सिंह के यहां 20 दिन से किराएदार हैं। ओंकार के साथ ही दोनों बेटे कनिष्क (10) व अक्षित (5) भी रहते हैं। ओंकार का साढ़े तीन साल से पत्नी आशा से विवाद चल रहा है। आशा पति के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा समेत कई मामले दर्ज करा चुकी हैं। पत्नी अभी ओंकार सिंह के नोएडा के सेक्टर-39 स्थित मकान में रह रही हैं। मंगलवार शाम करीब छह बजे अक्षित घर के बाहर खेल रहा था। तभी स्कार्पियो सवार लोग आए और उसे ले गए। इनमें एक नकाबपोश महिला भी थी।
ओंकार ने अपहरण की खबर पुलिस को दी। मासूम के सरेशाम अपहरण की खबर से खलबली मच गई। कई घंटे तक खोजबीन चलती रही। ओंकार ने बच्चे को अगवा करने में एक महिला के साथ तालसपुर के पास बने एक गेस्ट हाउस के मालिक व एक प्रॉपर्टी डीलर का हाथ भी बताया। आरोप है कि ये दोनों नकाबपोश महिला के साथ आए थे। ओंकार ने इनके विरुद्ध क्वार्सी थाने में तहरीर दे दी है।
वहीं, ओंकार की मानें तो बीवी विभिन्न किस्म के उत्पाद बेचती थी। बिक्री के कारण ही लाखों का कर्ज चढ़ गया। इसकी बिक्री बंद करने को कहा तो झगड़ा होने लगा। बीवी को बात नागवार लगी तो कई झूठे मुकदमे लिखवा दिए।
इनका कहना है
बच्चे के अपहरण का हल्ला जरूर हुआ, लेकिन यह पति-पत्नी के बीच का विवाद है। पत्नी ही बच्चे को लेकर गई है। दोनों पक्षों को बुधवार सुबह 10 बजे थाने बुलाया है। मामले का बातचीत से समाधान निकल आएगा।
- सूर्यकांत द्विवेदी, इंस्पेक्टर क्वार्सी।