ईद के चंदे को लेकर पथराव, कई चोटिल
अलीगढ़ : जेनरेटर को लेकर चंडौस में सोमवार देर शाम हुआ विवाद अभी शांत नहीं हुआ था कि मंगलवार को दौरऊ नगला में ईद की नमाज से पहले दो पक्ष भिड़ गए। जमकर पथराव हुआ। कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने पहुंचकर स्थिति संभाली। घटना के पीछे मौलवी की तनख्वाह के चंदे का विवाद बताया गया है।
चंडौस क्षेत्र के दौरऊ नगला की मस्जिद में मंगलवार सुबह नमाज की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच मस्जिद के इमाम (मौलवी) की तनख्वाह के लिए चंदा एकत्रित किया जाने लगा। चंदे देने को लेकर एक पक्ष के इस्लाम खान, दूसरे पक्ष के छोटे और असगर खान आदि में कहासुनी के बाद गुत्थम-गुत्था होने लगी। इस मारपीट में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोगों के कपड़े फट गए। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और दोनों पक्षों के लोगों ने मस्जिद के बाहर ही पथराव शुरू कर दिया। दोनों पक्षों की महिलाएं भी घरों से निकल आईं। उन्होंने भी पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। मस्जिद के बाहर पथराव होने से वहां जुटे नमाजियों में अफरा-तफरी मच गई। पथराव में दोनों ही पक्षों के कई लोग चुटैल हो गए।
पथराव की सूचना पर चंडौस व गभाना थाने पुलिस गांव में पहुंच गई। कुछ ही देर बाद सीओ कल्याण सिंह, एसडीएम राजपाल सिंह, तहसीलदार ओउमवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह यादव भी भारी तादाद में पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस को देखकर पथराव कर रहे लोग भाग खड़े हुए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर शांत कराया। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज अदा कराई गई।
सीओ व एसडीएम ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। फिर भी दोनों पक्षों के करीब चालीस लोगों को शांतिभंग में पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है।