फायरिंग के विरोध में जाम-प्रदर्शन
अलीगढ़ : अतरौली क्षेत्र के गाव काजिमाबाद में आए दिन हो रही लूटपाट के विरोध में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। रायपुर स्टेशन रोड पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही पुलिस व सीएम का पुतला फूंका। करीब तीन घंटे जाम रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि कई दिन से लगातार हो रही फायरिंग व दो दिन पड़ी डकैती का पुलिस आज तक खुलासा तक नही कर सकी है। बाद में सीओ के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
गाव काजिमाबाद में आए दिन डकैती, लूट, चोरी व अंधाधुंध फायरिंग हो रही है। करीब एक माह से बदमाशों ने ग्रामीणों का जीना हराम कर रखा है। गाव में पांच लोगों के यहा डकैती व कई लोगों के घर चोरी हो चुकी है। पुलिस गाव में आकर खानापूर्ति कर हर बार लौट गई। एक भी घटना का खुलासा नहीं किया। पुलिस की सुस्ती व लापरवाही के चलते गांव की महिलाओं, बच्चों व पुरुषों को पूरी रात जागकर काटनी पड़ रही है। बुधवार को पुलिस के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने ईट, बुग्गी आदि खड़ी कर रायपुर स्टेशन रोड पर जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। पुलिस प्रशासन व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों के पुतले दहन किए। सूचना पर सीओ एके पाडे मौके पर पहुचे। उन्होंने 20 दिन में घटना का खुलासा और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पुलिस पिकैट तैनात करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने तीन घंटे से लगा जाम खोला।
बाजार बंद रहे
गांव काजिमाबाद में चोरी, डकैती व लूट के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने पूरी तरह से बाजार बंद रखे। पुलिस के खिलाफ गांव में जुलूस निकाल कर शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस से हुई नोकझोंक
रायपुर स्टेशन रोड स्थित काजिमाबाद बरी के अड्डे पर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए जाम के दौरान ग्रामीण व पुलिस के बीच जमकर नोंकझोंक हुई।
यात्रियों ने झेली किल्लत
जाम के दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान कुछ यात्रियों को आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा भी झेलना पड़ा। वही जाम के दौरान यात्रियों को अपने सिर पर सामान रखकर कई किलो मीटर तक पैदल ही चलना पड़ा।
फिर बदमाशों का धावा,
फायरिंग, दो जख्मी
संवाद सहयोगी, अतरौली : गांव काजिमाबाद में मंगलवार की रात एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए गांव में धावा बोला। फायरिंग में एक महिला सहित दो ग्रामीण जख्मी हो गए। बदमाशों की फायरिंग से गांव के देवेश कुमार व राजेश देवी पत्नी ध्रुवदेव शर्मा के छर्रे लगने से जख्मी हो गए। इसी दौरान सड़क किनारे बंधी रामप्रकाश की भैंस के भी छर्रे लगने से घायल हो गई।