सराफा कारोबारी को सरेशाम लूटा
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : शहर में बेखौफ घूम रहे बदमाशों ने जेल फाटक के निकट दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार देरशाम दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा कारोबारी को तमंचा दिखाकर नगदी और जेवर से भरा थैला लूट लिया। पीड़ित ने घटना के संबंध में बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है।
सासनीगेट क्षेत्र की एडीए कालोनी, पला रोड निवासी अशोक कुमार की बरौला में सराफ की दुकान है। गुरुवार देरशाम आठ बजे अशोक दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जेल फाटक से पहले प्रदर्शनी मैदान के गेट पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचा दिखाकर बदमाशों ने थैला अपने कब्जे में ले लिया और भाग छूटे। घटना की सूचना पर बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। लुटेरों की तलाश में लैपर्ड कर्मी इधर-उधर दौड़े, बाद में खाली हाथ लौट आए। कारोबारी के मुताबिक थैले में 20 हजार की नगदी, दो तोले सोना और 300 ग्राम चांदी थी।
महिला की चेन लूटी : बन्नादेवी क्षेत्र के केवल विहार में एक महिला की चेन लूट ली। केवल विहार निवासी सतीश ने घटना के संबंध में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सतीश के मुताबिक बुधवार की दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी पत्नी को घर के निकट रोक लिया और झपट्टा मारकर चेन तोड़कर फरार हो गए।