आठ राज्यों के साथ बसों के संचालन को होगा अनुबंध
जागरण संवाददाता, आगरा: परिवहन विभाग भ्रष्टाचार के लिए बदनाम है। दलाली, ओवर लोडिंग को नियंत्रित किया
जागरण संवाददाता, आगरा: परिवहन विभाग भ्रष्टाचार के लिए बदनाम है। दलाली, ओवर लोडिंग को नियंत्रित किया जा रहा है। बसों के संचालन में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समय पालन का ध्यान रखा जा रहा है। जल्द ही आठ राज्यों के साथ बसों के संचालन के लिए अनुबंध किया जाएगा।
परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता में ये बातें कहीं। बोले कि हमारी सरकार सक्रिय होकर काम कर रही है। जमीनी स्तर के साथ ही ट्विटर और फेसबुक के जरिए भी समस्याओं को सुलझाया जा रहा है। फोन से सीधे आने वाली समस्याओं को मैं खुद निस्तारित करा रहा हूं। पिछली सरकार के परमिट जारी करने में भ्रष्टाचार और अन्य मामलों की जांच कराई जा रही है। भाजपा अपने संकल्प पत्र के सभी संकल्प एक-एक कर पूरा कर रही है। प्रदेश स्वच्छता में पिछड़ा है, लेकिन सरकार इसे पटरी पर लाने में जुटी है। 21 दिसंबर तक प्रदेश को खुले में शौच मुक्त बनाने की योजना है, जो सबके साथ मिलकर सफल होगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी विकास, ईमानदारी के नाम पर जनता के बीच जाएगी। गरीबों के कल्याण के लिए अनेक कार्य हो रहे हैं।
----