पूर्व विधायक केस्लॉटर हाउस पर छापा
एत्मादपुर (आगरा): प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को छलेसर स्थित दो स्लॉटर हाउस पर छापेमारी की। इस
एत्मादपुर (आगरा): प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को छलेसर स्थित दो स्लॉटर हाउस पर छापेमारी की। इस दौरान पूर्व विधायक की कंपनी का स्टॉलर हाउस बंद मिला। वहां की मशीनों में जंग लगी पाई गई। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
छापे के लिए नगर निगम, पशु चिकित्सा, श्रम, प्रदूषण, परिवहन, अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम बनाई थी। सोमवार दोपहर एक बजे यह छलेसर स्थित एचएमए फूड एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के स्लॉटर हाउस पहुंची। यह बसपा के पूर्व विधायक जुल्फिकार भुंट्टो का है। सिटी मजिस्ट्रेट संदीप गुप्ता व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय सिन्हा ने स्लॉटर हाउस का निरीक्षण किया। कंपनी वालों ने बताया कि बीती 15 मार्च से काम बंद है। पशु कटान नहीं हुआ है। निरीक्षण के दौरान उपकरणों पर जंग लगी देख अफसरों को आभास हो गया कि यहां पर पशु कटान कैसे किया जा रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि काम बंद कर रखा है, लेकिन अव्यवस्थाएं साफ नजर आ रही हैं।
इसके बाद टीम ने नगर निगम के स्लॉटर हाउस का निरीक्षण किया, इसे एलाना कंपनी चलाती है। यह स्लॉटर हाउस चलता हुआ पाया गया। एलाना के मैनेजर एके रवींद्र ने बताया कि विगत कई दिन से काम कम निकल रहा है। सोमवार को 30 पशुओं का कटान किया गया। वैसे आमतौर पर 120 से 150 पशुओं का कटान होता था।
इस दौरान उपनगर आयुक्त अनिल कुमार, उपजिलाधिकारी योगेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सुरेश चंद्र, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा एमएम अग्रवाल, पशु चिकित्सा अधिकारी नगर निगम डॉक्टर योगेश, डॉक्टर अमित पाल, एफडीए के डीओ देवाशीष उपाध्याय सहित श्रम विभाग के सुरेश यादव मौजूद रहे।