सड़कों पर मौत बांटते दौड़ रहे डग्गेमार वाहन
जागरण संवाददाता, आगरा: डग्गेमार वाहनों का सड़कों पर कब्जा है। सवारियों को भरने और ज्यादा फेरे के कारण
जागरण संवाददाता, आगरा: डग्गेमार वाहनों का सड़कों पर कब्जा है। सवारियों को भरने और ज्यादा फेरे के कारण ये अनियंत्रित होकर दौड़ते हैं। इसी कारण हाईवे से लेकर अन्य स्थानों पर ये हादसों का कारण बनते हैं। मंगलवार को गुरुद्वारा गुरु का ताल के निकट डीजल ऑटो, एक्टिवा सवार को टक्कर मार फरार हो गया। राहगीरों ने घायल युवक की मदद की।
एटा में स्कूली बस हादसे के बाद प्रशासन की नींद टूटी है। परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारी अनफिट और अनाधिकृत दौड़ रहे स्कूली वाहनों पर लगाम लगाने के लिए जुट गए हैं, लेकिन बेलगाम डग्गेमार वाहन सड़कों पर मौत बांटते दौड़ रहे हैं। एक दूसरे से आगे दौड़ने और सवारियां भरने के फेर में ये तेज रफ्तार के बीच कहीं भी वाहन को रोक देते हैं। इससे पीछे चलने वाला अपना संतुलन खो देता है। अक्सर सड़क पर इस तरह के हादसे होते हैं, लेकिन इन पर कोई रोकथाम नहीं है। हर चौराहे से गुजरने के लिए ट्रैफिक पुलिस से इनका सुविधा शुल्क तय है। वहीं परिवहन विभाग को इन पर लगाम लगाने की फुर्सत नहीं है। आरटीओ प्रवर्तन अनिल कुमार ने बताया कि स्कूली वाहनों पर नकेल कसी जा रही है। इसके बाद अनाधिकृत चल रहे अन्य वाहनों पर भी नकेल कसी जाएगी।
तिराहे, चौराहे कर देते हैं जाम
डग्गेमार वाहन सिकंदरा तिराहे से लेकर रामबाग तक दौड़ते हैं। बिजली घर चौराहे पर भी इनका कब्जा रहता है। सिकंदरा चौराहे पर तो थाने के ठीक सामने सड़क जाम हो जाती है। सवारियां भरने के लिए अधिकृत और अनाधिकृत दोनों वाहन सड़क के बीच में ही खड़े हो जाते हैं। खंदारी बाइपास से केंद्रीय ¨हदी संस्थान पर भी इन वाहनों का कब्जा रहता है। यहां से गुजरना भी मुश्किल होता है। वहीं भगवान टाकीज चौराहे पर भी वाहनों का कब्जा रहता है। दयालबाग रोड, खंदारी, सुल्तानगंज पुलिया और हरीपर्वत की ओर जाने वाली सड़क पर ये बीच में ही खड़े रहते हैं। रामबाग चौराहे पर डग्गेमार जीप, ऑटो का कब्जा रहता है। चौराहे पार करने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। वहीं बिजली घर चौराहे का भी कुछ ऐसा ही हाल होता है।