सीकरी में लाल सिंह से छीनी साइकिल
जागरण संवाददाता, आगरा: प्रत्याशियों में कई बार फेरबदल कर चुकी सपा ने नामांकन समाप्त होने से एक दिन प
जागरण संवाददाता, आगरा: प्रत्याशियों में कई बार फेरबदल कर चुकी सपा ने नामांकन समाप्त होने से एक दिन पहले फतेहपुर सीकरी में फिर प्रत्याशी बदल दिया। वहां लाल सिंह लोधी का टिकट काट जनक सिंह लोधी को प्रत्याशी बनाया है। लाल सिंह पार्टी नेताओं पर साजिशन टिकट कटवाने का आरोप लगा रहे हैं। उधर, बगावत को काबू करने की कोशिश भी नाकाम रहीं। सपा से बगावत कर चुकीं कुंदनिका शर्मा और उमेश यादव ने भी नामांकन दाखिल कर दिया।
सीकरी में सपा से जिला पंचायत सदस्य जनक सिंह तीसरे प्रत्याशी हैं। सपा परिवार में रार से पहले शिवपाल ने इस सीट पर रामनिवास शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया था। रार के दौरान अखिलेश यादव ने जो सूची जारी की, उसमें लाल सिंह लोधी को प्रत्याशी बना दिया। अखिलेश यादव के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सपा की ओर से जारी सूची में भी लाल सिंह लोधी का नाम बरकरार था। हालांकि अब तक उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया था। मंगलवार को पर्चा दाखिल होना था, लेकिन इससे पहले पार्टी ने प्रत्याशी बदल दिया। जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव ने प्रत्याशी बदलने की पुष्टि की है।
उधर, सपा में बगावत थम नहीं सकी। रविवार को सपा से इस्तीफा देने वाली कुंदनिका शर्मा ने निर्दलीय के रूप में उत्तर से नामांकन दाखिल कर दिया। एत्मादपुर से टिकट न मिलने से नाराज उमेश यादव ने भी निर्दलीय नामांकन किया, पार्टी उन्हें मनाने में नाकाम रही। हालांकि संगठन इनके चुनाव लड़ने से कोई प्रभाव न पड़ने की बात कह रहा है।
-----
मेरे खिलाफ साजिश: लाल सिंह
टिकट कटने के बाद लाल सिंह लोधी ने पूर्व राज्यमंत्री शिवकुमार राठौर और जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव के पति राजपाल यादव पर साजिश करने का आरोप लगाया। लाल सिंह लोधी ने बताया कि इन नेताओं ने उनके चुनाव से पीछे हटने की गलत जानकारी हाईकमान को पहुंचाई। वह पूर्व में पार्टी के एक खेमे के नजदीक थे, इसलिए उनके खिलाफ साजिश हुई। इस संबंध में वह अब राष्ट्रीय अध्यक्ष से शिकायत करेंगे। लघु उद्योग निगम के पूर्व चेयरमैन शिवकुमार राठौर ने साजिश के आरोप को गलत बताया। उनका कहना है कि हाईकमान ने फैसला लिया है। इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं।