सीकरी पर 'शांति' में भाजपा सफल
-नाराज राजकुमार को बनाया ब्रज क्षेत्र चुनाव संयोजक -चाहर ने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार का किया ए
-नाराज राजकुमार को बनाया ब्रज क्षेत्र चुनाव संयोजक
-चाहर ने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार का किया एलान, पार्टी की मुश्किल दूर
जागरण संवाददाता, आगरा: फतेहपुर सीकरी के सियासी समर में नाराज राजकुमार चाहर के रुख से पसीना छोड़ रही भाजपा की बड़ी मुश्किल दूर होती दिख रही है। भगवा दल ने राजकुमार को ब्रज क्षेत्र का चुनाव संयोजक बना बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मैदान में न उतरने का एलान किया है। सांसद चौ. बाबूलाल पहले ही प्रत्याशी के साथ खड़े हैं। इससे सीकरी के रण में भगवा दल मजबूत होता दिखाई दे रहा है।
फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चाहर भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार थे। वर्ष 2012 के चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ने पर मिले 62 हजार मत उनका कद दिखा रहे थे। पार्टी ने उन्हें दरकिनार करते हुए पूर्व विधायक चौ. उदयभान सिंह को टिकट दिया था। राजकुमार चाहर के समर्थक विरोध करते हुए पुनर्विचार की मांग कर रहे थे, जबकि उनके धुर विरोधी सांसद चौ. बाबूलाल प्रत्याशी के साथ आ गए थे। रविवार को बड़ा मंदिर, कागारौल पर हुई सभा में चाहर ने दम दिखाया था। वह भले ही चुनाव लड़ने से निरंतर इन्कार करते रहे, लेकिन उनके रुख से पार्टी संगठन व प्रत्याशी को पसीना छूट रहा था। उन्हें मनाने की कोशिश निरंतर जारी थीं। सोमवार को पार्टी नेतृत्व ने उन्हें ब्रज क्षेत्र का चुनाव संयोजक बना दिया। इससे सीकरी के रण में रूठों को मनाने में जुटी भाजपा की उलझन दूर हो गई है। अब पार्टी पूरे दम से क्षेत्र में दम दिखा सकेगी। सांसद बाबूलाल और राजकुमार चाहर के प्रत्याशी के पक्ष में आने से पार्टी की राह यहां आसान होगी।
ब्रज क्षेत्र कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में राजकुमार ने कहा कि वह झोली फैलाकर पार्टी को जिताने के लिए लोगों से समर्थन मांगेंगे। उन्होंने सीकरी से टिकट की अपेक्षा की थी, लेकिन पार्टी ने ब्रज क्षेत्र की 65 सीटें सौंपी हैं। फतेहपुर सीकरी भी इनमें शामिल है। स्वयं तो प्रचार करूंगा ही, परिवार भी पार्टी को जिताने में जुटेगा। इस मौके पर ब्रज क्षेत्र मीडिया प्रभारी सुरेंद्र गुप्ता एडवोकेट, अनिल महाजन, राजेश अग्रवाल, डॉ. रामबाबू हरित, मौजूद रहे।
बाबूलाल के विरोध पर पक्षालिका का टिप्पणी से इन्कार
सांसद बाबूलाल भले ही अरिदमन सिंह और बाह प्रत्याशी पक्षालिका सिंह का खुलकर विरोध कर रहे हैं, लेकिन अरिदमन खेमा मामले पर खामोश है। सोमवार को नामांकन को पहुंचीं पक्षालिका सिंह ने बाबूलाल के विरोध के सवाल पर टिप्पणी से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह तो आप उनसे ही पूछिए। क्षेत्र की जनता हमारे साथ है और हमें जीत दिलाएगी।