उत्तर में कांग्रेसियों की बगावत
जागरण संवाददाता, आगरा: भले ही कांग्रेस व सपा में गठबंधन हो गया। सपा उम्मीदवार भी घोषित हो गया, बावजू
जागरण संवाददाता, आगरा: भले ही कांग्रेस व सपा में गठबंधन हो गया। सपा उम्मीदवार भी घोषित हो गया, बावजूद इसके उत्तर विधानसभा पर कांग्रेसी दो-दो हाथ को तैयार हैं। सपा उम्मीदवार के साथ ही सोमवार को कांग्रेसी डॉक्टर डीसी गोयल और दो अन्य कांग्रेस नेताओं ने अपना नामांकन कर दिया। एक अन्य कांग्रेसी मुरारीलाल गोयल ने सोमवार को पर्चा खरीदा है।
गठबंधन को समझौते के अनुसार आगरा की नौ विधानसभा सीटों में छह पर सपा और तीन पर कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। इसके बाद भी कांग्रेसियों के अपने दावे हैं। वह कह रहे हैं कि यह सीट उन्हें मिलेगी। इस आधार पर ही उत्तर से डॉक्टर डीसी गोयल ने सोमवार दोपहर पर्चा भर दिया। वहीं सपा के अतुल गर्ग ने भी अपना नामांकन कराया। गोयल ने फॉर्म बी बाद में जमा करने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि उन्होंने हाईकमान के आदेश पर नामांकन भरा है। अगर पार्टी की ओर से बी फॉर्म नहीं मिला, तो वह चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे। वैसे सुबह उन्होंने अपने समर्थकों से बिना बी फॉर्म मिले बिना नामांकन से इन्कार कर दिया था।
वहीं, इस सीट से दो अन्य असंतुष्ट कांग्रेसियों अरविंद दौनेरिया और पंकज सचदेवा ने भी पर्चा दाखिल किया, जबकि मुरारीलाल गोयल ने मंगलवार को नामांकन करेंगे। इस तरह इस सीट पर चार कांग्रेसी ताल ठोकेंगे। हालांकि गठबंधन उम्मीदवार के रूप में सपा के अतुल गर्ग को पार्टी को सहयोग देना है। जो स्थिति बनी है उससे कांग्रेस को बहुत सहयोग की उम्मीद नहीं मानी जा रही है।
----