बूथ पर हुआ बवाल तो एप बताएगा मैप
जागरण संवाददाता, आगरा: विस चुनाव में हाईटेक तकनीकी का इस्तेमाल करने वाला यूपी का संभवत: पहला शहर आगर
जागरण संवाददाता, आगरा: विस चुनाव में हाईटेक तकनीकी का इस्तेमाल करने वाला यूपी का संभवत: पहला शहर आगरा होगा। चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर बवाल होने पर एप फोर्स को रास्ता बताएगा। बूथ तक पहुंचने के लिए अर्धसैनिक बल और फोर्स को किसी से वहां पहुंचने का रास्ता पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एप की मदद से वह खुद मौके पर पहुंच जाएगी।
विस चुनाव में 1723 मतदान केंद्र और 3411 बूथ बनाए गए हैं। बूथ की सटीक लोकेशन जानने के लिए पुलिस ने इस बार एप का प्रयोग किया है। एंडलोकेशन एप के द्वारा लैटीट्यूड-लांगीट्यूड/जीपीएस कोआर्डिनेट के आधार पर जिले के सभी पोलिंग स्टेशन मैप पर उतारे गए हैं। चुनाव की तारीख घोषित होते ही पुलिस इस काम में जुट गई। साइबर सेल और थानाध्यक्षों द्वारा मतदान केंद्रों को एप की मदद से मैप पर उतारने का अभियान चलाया।
चुनाव के दौरान किसी मतदान केंद्र पर बवाल होने की स्थिति में यह एप फोर्स के लिए अहम साबित होगा। अर्ध सैनिक बल और बाहर से आए अधिकारी कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे। इससे घटना पर समय रहते काबू करने में मदद मिलेगी। इससे पूर्व बाहर से आने वाले फोर्स को घटनास्थल पर पहुंचने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद लेनी पड़ती थी। लोगों से रास्ता पूछना पड़ता था। एसपी सिटी सुशील घुले ने बताया बाहर से आने वाले फोर्स के लिए एप मददगार साबित होगा।