नगर पंचायत स्वामीबाग के अध्यक्ष का इस्तीफा मंजूर
जागरण संवाददाता, आगरा : नगर पंचायत स्वामीबाग के अध्यक्ष का इस्तीफा प्रशासन ने मंजूर कर लिया है। इस्त
जागरण संवाददाता, आगरा : नगर पंचायत स्वामीबाग के अध्यक्ष का इस्तीफा प्रशासन ने मंजूर कर लिया है। इस्तीफा शासन को भेज दिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश भी मांगे गए हैं।
पिछले दिनों नगर पंचायत स्वामीबाग के अध्यक्ष संजय कपूर ने डीएम को इस्तीफा भेजा था। दूसरी बार अध्यक्ष चुने गए संजय ने शासन-प्रशासन पर विकास न कराने के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि बोर्ड की बैठक में जो भी निर्णय लिए गए, उन पर आजतक अमल नहीं हुआ है। अव्यवस्थाओं के चलते ही वह इस्तीफा दे रहे हैं। नगर पंचायत शहरी क्षेत्र में आ चुकी हैं। राधास्वामी मत के संस्थापक पूरन धनी हजूर स्वामी समाधि स्थल वर्ष 2018 तक पूरा हो जाएगा। हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पूर्व डीएम पंकज कुमार ने अधिशासी अधिकारी लोकेंद्र सिंह को मंगलवार व शनिवार को कार्यालय में बैठना अनिवार्य किया था, मगर ऐसा नहीं हो सका। एडीएम प्रशासन राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। इसे शासन को भेजा गया है। उधर, नगर पंचायत स्वामीबाग के कई सदस्य भी इस्तीफा देने का मन बना चुके हैं।
कई और नगर पंचायत में मची है कलह
स्वामीबाग की तरह ही कई और भी नगर पंचायत व नगर पालिका परिषद हैं, जहां पर कलह मची हुई है। अछनेरा व एत्मादपुर में विभिन्न मामलों को लेकर जांच चल रही हैं। अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इससे विकास के कार्य ठप हैं।