ताजनगरी की छवि को धूमिल कर रहा एनएचएआइ
जागरण संवाददाता, आगरा : ताजनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव कोशिश कर रही ह
जागरण संवाददाता, आगरा : ताजनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। नाइट कल्चर विकसित करने के साथ ही हर माह ताज महोत्सव की तर्ज पर महोत्सव शुरू करने जा रही है। जिला प्रशासन प्रस्ताव तैयार कर रहा है, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ताजनगरी की छवि को धूमिल कर रहा है। आगरा शहर से होकर गुजरने वाले हाईवे में गड्ढे हैं। जबकि साइनेज भी ठीक तरीके से नहीं लगे हैं। इससे पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई पर्यटकों ने इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों से की है।
एनएचएआइ द्वारा हाईवे के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। आगरा शहर में एंट्री प्वाइंट पर साइनेज लगाए गए थे, लेकिन रोड के चौड़ीकरण के चलते इन्हें हटा दिया गया है। वहीं बड़ी संख्या में साइनेज वाहनों की टक्कर से भी टूट गए हैं। कुछ साइनेज झुक गए हैं, लेकिन इन्हें ठीक नहीं किया जा रहा है। यह सब तब है जब प्रदेश ही नहीं केंद्र सरकार का भी आगरा पर फोकस है। इसी कड़ी में हाल ही में आगरा आए प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दीपक सिंघल ने एनएच-2 की दशा को सुधारने का आश्वासन दिया था। इसके पीछे ताजनगरी में एक माह के अंदर आए उन तमाम पर्यटकों की शिकायतें थी जो खराब हाईवे को लेकर उन्होंने प्रशासन से की थीं। इतना ही नहीं उन्होंने हाईवे की दशा को ठीक कराने की मांग की।
नहीं बंद किए अवैध कट
आगरा : रुनकता से लेकर वाटरवर्क्स चौराहा तक नेशनल हाईवे में बड़ी संख्या में अवैध कट हो गए हैं। इससे दुर्घटना की आशंकाएं बढ़ गई हैं। इसे भी बंद नहीं किया गया।
- हाईवे में साइनेज हटने की शिकायतें मिली हैं। एनएचएआइ के अफसरों को संबंधित स्थलों पर साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पंकज कुमार, डीएम