जन्माष्टमी पर गूंजी कई घरों में किलकारियां
जागरण संवाददाता, आगरा: इस बार जन्माष्टमी का त्योहार कई परिवारों के लिए बेहद खास रहा। कई घरों के आंगन
जागरण संवाददाता, आगरा: इस बार जन्माष्टमी का त्योहार कई परिवारों के लिए बेहद खास रहा। कई घरों के आंगन में किलकारियां गूंजी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शहर में लगभग तीन सौ बच्चों ने जन्म लिया। कई परिवारों के लोगों ने जन्माष्टमी के दिन डिलीवरी के लिए बकायदा एडवांस में बुकिंग कराई थी। बेटा होने पर अधिकांश ने बच्चों का नाम कान्हा या कृष्णा रखा गया है।
रवि हॉस्पीटल की डॉ. रजनी पचौरी ने बताया कि उनके यहां गुरुवार को पांच प्रसव कराए गए। हॉस्पीटल में भर्ती नीलम पत्नी प्रमोद ने शादी के 24 साल बाद गुरुवार को जन्माष्टमी के दिन दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। वह कहती हैं कि हमारे घर में तो स्वयं भगवान कृष्ण ने जन्म लिया है। इससे ज्यादा भगवान से और कुछ नहीं चाहिए। वहीं दूसरी डिलीवरी हाथरस की रहने वाली शालिनी पत्नी दीपक राज शर्मा की हुई, जिनके बेटे ने जन्म लिया है। उनके पति का कहना है कि जन्माष्टमी के दिन भगवान के बच्चा होने से उनके मन की इच्छा पूरी हो गई है। परिवार के सभी लोग बहुत खुश हैं।
डॉ. कमलेश टंडन नर्सिंग होम में भी सात बच्चों का जन्म हुआ। जिनमें चार लड़के व तीन लड़कियों ने जन्म लिया है। डॉ. अमित टंडन ने बताया कि कुछ परिवारों ने जन्माष्टमी के दिन डिलीवरी करने के साथ ही शुभ मुहूर्त भी निकलवाया था। सभी शिशुओं की सेहत ठीक है।
लेडी लॉयल हॉस्पीटल की डॉ. नीना गुप्ता ने बताया कि उनके यहां 16 डिलीवरी हुई हैं, जिसमें तीन महिलाओं को जुड़वा बच्चे हुए हैं। परिवारों के लोगों को जैसे ही डॉक्टरों ने जच्चा-बच्चा की सलामती की खबर सुनाई, परिवारीजन खुशी से झूम उठे। खुशी के मौके पर मिठाइयां बांटी।