अब कमला नगर में होगी शाह की सभा
जागरण संवाददाता, आगरा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली पर छाए असमंजस के बादल शाम को छंट
जागरण संवाददाता, आगरा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली पर छाए असमंजस के बादल शाम को छंट गए हैं। रविवार को आयोजित होने वाली सभा अब कोठी मीना बाजार की जगह कमलानगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में होगी। दिन भर मंथन और जगह तलाशने के बाद भाजपाइयों ने देर शाम बैठक के बाद इसकी घोषणा कर दी।
ताजनगरी में शनिवार को धम्म चेतना यात्रा आ रही है। इसके अगले दिन धम्म चेतना यात्रा रैली है, जिसके मुख्य अतिथि अमित शाह हैं। भाजपाइयों ने इसके लिए पहले जीआइसी मैदान तय किया था, मगर वहां बारिश के बाद हुए जलभराव के चलते उन्होंने कोठी मीना बाजार में वाटरप्रूफ पंडाल लगवाने का काम भी शुरू करा दिया था। मगर बुधवार को बारिश में हुए जलभराव के बाद भाजपाइयों की धड़कनें बढ़ गई थीं। टैंट वाले ने भी मैदान में टैंट लगाने से हाथ खड़े कर दिए थे। इसके बाद अमित शाह की रैली स्थगित होने के आसार बनने लगे थे। भाजपाई भी चिंता में डूब गए थे।
गुरुवार दोपहर भाजपा नेताओं ने कोठी मीना बाजार मैदान में रैली की। इसमें सांसद रामशंकर कठेरिया ने रैली कोठी मीना बाजार मैदान में नहीं होने की घोषणा कर दी। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगरा आने की उन्होंने पुष्टि की।
मगर विपक्षी दल ने अफवाह फैला दी कि अमित शाह की रैली स्थगित हो गई है। इससे शहर में चर्चा शुरू हो गई। भाजपाई दिन भर जगह तलाशते रहे। हाईवे स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल के हॉल को देने से प्रबंधन ने इन्कार कर दिया। वहीं, सूरसदन पहले से बुक था। इससे पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई। देर शाम भाजपाई एक बार फिर जुटे और बैठक में कमलानगर के सरस्वती विद्या मंदिर आयोजन स्थल तय हुआ।
यह रहे मौजूद
बैठक व प्रेसवार्ता में क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, रैली संयोजक विजयदत्त पालीवाल, हरद्वार दुबे, नवीन जैन, जगन प्रसाद गर्ग, योगेंद्र उपाध्याय, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, प्रमोद गुप्ता, अनिल चौधरी, दीपक खरे, राजकुमार चाहर, प्रशांत पौनिया, हेमंत भोजवानी, डॉ. जीएस धर्मेश, अश्वनी वशिष्ठ, मनोज शर्मा मौजूद रहे।
वाल्मीकि समाज करेगा स्वागत
वाल्मीकि समाज की बैठक गुरुवार शाम तेलीपाड़ा, लोहामंडी में हुई। इसमें सांसद रामशंकर कठेरिया ने धम्म चेतना यात्रा के आगरा आगमन पर स्वागत की अपील की। तख्त चौधरी झिल्लोराम ने कहा कि वाल्मीकि समाज सर्वाधिक दलित समाज है। इसमें शिक्षा व रोजगार अभाव है। विकास के लिए मोदी सरकार काम कर रही है। हमें धम्म चेतना यात्रा का स्वागत करना चाहिए। कमल वाल्मीकि, तख्त चौधरी मानसिंह, चौ. ओमप्रकाश आजाद, मुन्नालाल चंचल, चंचल वाल्मीकि, बबलू प्रसाद खजांची, शरद चौहान, केके भारद्वाज मौजूद रहे।
--------------------------
मौसम ने बचा ली भाजपाइयों की लाज
-कोठी मीना बाजार में भीड़ जुटाने की थी चुनौती
-अधूरी थी पार्टी की जमीनी तैयारी, बैठकों तक सिमटे
जागरण संवाददाता, आगरा: राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली में भाजपाइयों की लाज मौसम ने बचा ली। भीड़ जुटाने की चुनौती स्थल परिवर्तन के साथ ही खत्म हो गई। रैली में भीड़ जुटने पर पार्टी नेता ही संशय में थे।
भाजपाइयों ने धम्म चेतना यात्रा रैली में 40 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तय किया था। जिला व महानगर पदाधिकारियों के लिए पहला कार्यक्रम होने से उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। दोनों को 20-20 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया था। इसके लिए शहर व देहात में बैठकें शुरू कर दी गई थीं। मगर भाजपाई स्वयं लक्ष्य की आधी भीड़ जुटने का कयास लगा रहे थे। भीड़ नहीं जुटने पर किरकिरी होना तय था। इससे पूर्व ही बुधवार को हुई बारिश से कोठी मीना बाजार मैदान में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने भी लगातार बारिश होने की भविष्यवाणी की थी। इससे भाजपाइयों को मौका मिल गया। उन्होंने रैली के लिए दूसरा स्थल तय कर दिया। हालांकि जो स्थल चुना गया है, उसमें दो से ढाई हजार लोग ही जुट सकेंगे। इससे भाजपाइयों की लाज बच गई है।
चंदा भी नहीं जुटा
भाजपा कार्यकर्ताओं को रैली के लिए चंदा भी जुटाना था। मगर रैली के लिए भाजपाई चंदा भी नहीं जुटा सके। कोठी मीना बाजार मैदान में सुबह हुई प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारी इसे लेकर खासे परेशान दिखे।