मई के पहले दिन पारा पहुंचा 43.8 पर
जागरण संवाददाता, आगरा: सूर्यदेव के तेवर दिन-प्रतिदिन तीखे होते जा रहे हैं। मई के पहले दिन रविवार को
जागरण संवाददाता, आगरा: सूर्यदेव के तेवर दिन-प्रतिदिन तीखे होते जा रहे हैं। मई के पहले दिन रविवार को ताजनगरी में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और गर्म हवाओं से दिन भर लोग पसीना-पसीना होते रहे। कूलर और एसी चलाने से ही राहत मिल सकी।
अप्रैल की शुरुआत में ही तापमान बढ़ने लगा था। इसमें पिछले कुछ दिनों से लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। रविवार को भी सूर्योदय के बाद ही धूप असर दिखाने लगी। दिन चढ़ने के साथ गर्म हवा भी चलने लगी। इससे लोगों ने घर में ही छुंट्टी का दिन बिताना उचित समझा। अधिकांश लोग सूर्यास्त के बाद ही घर के बाहर निकले। जो लोग दिन में बाहर निकले, उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। धूप की वजह से त्वचा पर जलन महसूस हो रही थी। इससे बचाव के लिए उन्होंने कपड़े से मुंह व सिर ढक रखा था। वहीं, बहुत से लोग छाता लेकर निकले। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा, जिससे लोगों के लिए परेशानी बढ़ सकती है।
यहां इतना तापमान
बांदा - 45.2
इलाहाबाद - 44.3
झांसी - 44.2
----