एमएलसी प्रत्याशी पर असमंजस में भाजपा
जागरण संवाददाता, आगरा: एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. दिलीप यादव ने शुक्रवार को नामांकन कर दिया।
जागरण संवाददाता, आगरा: एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. दिलीप यादव ने शुक्रवार को नामांकन कर दिया। भाजपा अभी असमंजस में ही उलझी हुई है। पार्टी अभी तक किसी प्रत्याशी पर राय नहीं बना सकी है। पार्टी चार से पांच प्रत्याशियों पर विचार चलने की बात कर रहे हैं, हालांकि सूत्र बताते हैं कि पार्टी के पास कोई प्रत्याशी ही नहीं है।
एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हुई थी। 15 फरवरी तक नामांकन होगा। शुक्रवार को पहला नामांकन हो गया। मगर वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत पाने का ख्वाब देख रही भाजपा अभी तक प्रत्याशी नहीं तलाश सकी है। पार्टी पहले सपा से बगावत कर चुनाव लड़ने को पर्चा खरीदने वाले पूर्व एमएलसी अतर सिंह पर दाव खेलना चाहती थी। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व तक से चर्चा हुई। इसके बाद पूर्व मंत्री जयवीर सिंह के बेटे को चुनाव लड़ाने पर विचार हुआ। वह पर्चा खरीदने भी गए, मगर उनकी उम्र निर्धारित आयु सीमा से कम थी। जिससे भगवा दल का यह दाव भी विफल हो गया। सूत्र बताते हैं कि पार्र्टी नेतृत्व अब इन दोनों के अलावा अन्य नामों पर भी विचार कर रहा है। उन पर हाथ रखा जा सकता है। इसकी घोषणा शनिवार को की जा सकती है।
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि पार्टी चार-पांच नामों पर विचार कर रही है। शनिवार तक प्रत्याशी पर निर्णय कर लिया जाएगा।