पुलिस को चकमा दे भागा शूटर शेट्टी
जागरण संवाददाता, आगरा: तीस लाख की सुपारी लेकर सर्राफ धनकुमार को गोली मारने वाला शूटर राजेश शेट्टी एट
जागरण संवाददाता, आगरा: तीस लाख की सुपारी लेकर सर्राफ धनकुमार को गोली मारने वाला शूटर राजेश शेट्टी एटा में आगरा पुलिस को चमका देकर भाग निकला। पुलिस ने इसके बाद दबिशों का सिलसिला और तेज कर दिया है। इस बीच सामने आया है कि धन कुमार को गोली मारने के बाद शेंट्टी ताजगंज के दिगनेर में टिका था।
श्री सराफा कमेटी महामंत्री धन जैन को 22 नवंबर की रात बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर गोली मार दी थी। घटना के फर्जी खुलासे के बाद पुलिस ने असली खुलासा किया। इसमें तीस लाख की सुपारी लेकर पारस गैंग के शूटर राजेश शेट्टी द्वारा गोली मारने की जानकारी सामने आई। गुरुवार को पुलिस ने सुपारी देने और साजिश में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। हरियाणा के गन्नौरा सोनीपत निवासी शूटर राजेश शेट्टी, दिल्ली के अमित कंजा और ताजगंज दिगनेर के सचिन की तलाश तेज कर दी।
पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात के बाद शेट्टी दिगनेर में सचिन के घर ठहरा था। पुलिस जब तक वहां पहुंची वह आगरा छोड़ एटा जा चुकी थी। इसके बाद एटा में भोला नाम के शख्स के यहां ठहरने की सूचना मिली। आनन-फानन में पुलिस की टीम रविवार शाम एटा के लिए रवाना हुई। टीम उस ठिकाने तक पहुंच गई, जहां शेट्टी ठहरा था, मगर वह चमका देकर फरार होने में कामयाब हो गया। बताया गया है कि भोला एटा के एक सफेदपोश नेता का रिश्तेदार है। देर रात तक पुलिस टीमें एटा में दबिश दे रही थीं।
--------
एसटीएफ को भी दिया था चकमा
पारस गैंग का शार्प शूटर शेट्टी पिछली बार पकड़े जाने से पहले एटा में इसी सफेदपोश नेता के ठिकाने पर ठहरा था। उस समय एसटीएफ ने दबिश दी थी, मगर वह चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया था। उसके कुछ दिन बाद एसटीएफ ने सिकंदरा थाना क्षेत्र में गैंग लीडर पारस के साथ शेट्टी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया था। जेल में रहते हुए उसने धनकुमार जैन की सुपारी ली थी। सात माह बाद जमानत पर छूटने पर उसने वारदात को अंजाम दिया।
जेल में भी बना लेता है गैंग
शेट्टी अपराध से होने वाली कमाई को पहनावे और अय्याशी में उड़ाने के साथ-साथ गैंग बनाने में भी करता है। जेल में पहुंचने के बाद वह अपने खर्च करने के अंदाज से अंदर भी गैंग बना लेता है। उसके बाद जो चाहता है, उनसे कराता है। आगरा में जेल रहने के दौरान आसपास के कई अपराधी उसके संपर्क में आ गए। पुलिस को आशंका है कि वह इन्हीं के यहां शरण ले रहा है।