दूल्हा बन निकलेंगे रघुनंदन
जागरण संवाददाता, आगरा: दूल्हा बन निकलेंगे भगवान श्रीराम। जिनके सिर पर होगा झिलमिलाता मुकुट, शरीर पर
जागरण संवाददाता, आगरा: दूल्हा बन निकलेंगे भगवान श्रीराम। जिनके सिर पर होगा झिलमिलाता मुकुट, शरीर पर होगी सितारों से चमचमाती पोशाक। चेहरे का ओज, लेगा मन मोह। जिसे निहारने को शहर में जुटेगा राम भक्तों का हुजूम।
श्रीरामलीला कमेटी द्वारा राम बरात की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। रावतपाड़ा स्थित श्रीमन:कामेश्वर मंदिर की बारादरी से भगवान राम की बरात का शुभारंभ होगा, जिसमें 70 से अधिक झांकियां होंगी। इनमें देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियों के अलावा सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां शामिल की जाएंगी। ताकि जन मानस को उससे सामाजिक विसंगतियों को दूर करने की प्रेरणा दी जा सके। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, प्रदूषण मिटाओ, यमुना के शुद्धिकरण की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। इन्हें चित्रशालाओं में अंतिम रूप दिया जा रहा है। माखन चुराते कृष्ण बलदाऊ की 5 फुट की झांकी, द्वादश ज्योर्तिलिंग, गंगा अवतरण, महाकालेश्वर, वैष्णो देवी आदि की झांकियां भी भक्तों को आकर्षित करेंगी। इसके अलावा चांदी से बना पुराना रथ होगा, जिसमें लक्ष्मी नारायण को विराजमान किया जाता रहा है। 9 बैंड पूरी बरात की अगवानी करेंगे।
------
ये रहेगा मार्ग
मन:कामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा की बारादरी से राम बरात शाम 4 बजे शुरू होगी। जो जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, सिटी स्टेशन रोड, घटिया छिलीईंट, फुलंट्टी बाजार, सेब का बाजार, किनारी बाजार, कसेरट बाजार, रावतपाड़ा पर संपन्न होगी। इसके बाद यह गांधी नगर में सज रही जनकपुरी के लिए प्रस्थान करेगी।