एलपीजी से फर्राटा भरेगी बाइक
जागरण संवाददाता, आगरा: बीटेक के छात्र सनत तिवारी ने लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) से बाइक चलाने की
जागरण संवाददाता, आगरा: बीटेक के छात्र सनत तिवारी ने लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) से बाइक चलाने की तकनीक खोज निकाली है। इसका प्रयोग उन्होंने अपनी बाइक पर किया है। मूल रूप से इटावा निवासी सनत कुमार ने सचदेवा कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। अब वह रुनकता में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि चार महीने की मेहनत के बाद तकनीक खोज निकाली। इसके बाद उन्होंने अपनी पल्सर बाइक पर यह प्रयोग किया। इसमें उन्होंने प्रेशर रिड्यूसर लगाया है। पेट्रोल टंकी की जगह दो किलो का गैस सिलेंडर लगाया है। सनत ने दावा किया है कि एक किलो गैस में बाइक 75 किलोमीटर चलती है। इसमें किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।
एमएसएमई ने देखी तकनीक
एलपीजी से बाइक चलाने की तकनीक बनाने वाले छात्र ने बताया कि उन्होंने अपनी तकनीक को सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग कार्यालय में दिखाया है। उन्होंने तकनीक को काफी सराहा है। उनकी फाइल को दिल्ली भेज दिया गया है। इसके अलावा एक बाइक बनाने वाली कंपनी से भी उनकी बात चल रही है।
चार हजार का खर्चा
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर इस तकनीक को बनाने में चार हजार का खर्चा आया है। अभी डिजाइन को लेकर काम चल रहा है। इस तकनीक को बाइक में लगाने में चार घंटे का समय लगता है।