बन्नो के हाथों पर लगाई मेहंदी, गाए मंगल गीत
जागरण संवाददाता, आगरा: बरनी तुम तो ससुराल चली जाओगी, तुम्हें मेरी कसम कब आओगी.. बरने से बरनी जयमाल प
जागरण संवाददाता, आगरा: बरनी तुम तो ससुराल चली जाओगी, तुम्हें मेरी कसम कब आओगी.. बरने से बरनी जयमाल पर झगड़ी, तू क्यों नहीं लाया रे सोने की तगड़ी..आदि गीत गाते हुए महिलाएं कभी बरनी के हाथों पर मेहंदी लगातीं तो कभी उन्हें आशीष देते हुए सुखद जीवन की कामना करतीं। माथुर वैश्य महिला मंडल की शहर शाखा द्वारा आयोजित महिला संगीत में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा।
मंडल की शहर शाखा द्वारा 21 अप्रैल को 176वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह के अंतर्गत सोमवार को हाथी घाट स्थित बाबू रामचंद्र मॉन्टेसरी स्कूल में महिला संगीत आयोजित किया गया। महिला मंडल की अध्यक्ष नीना गुप्ता ने बताया कि अक्षय तृतीया पर 11 कन्याओं की शादी कराई जा रही है। शिवानी, दीपिका, मीनाक्षी, चंचल, आकांक्षा, पिंकी, संतोषी, आकांक्षा गुप्ता, राधिका, गुड़िया, काजल के हाथों पर सोमवार को मेहंदी लगाई गई। इस दौरान महिलाओं ने शुभ घड़ी आई मेरे आंगन में, बन्नो तेरी अंखियां सुरमेदानी, बन्नो तेरा चेहरा राजरानी गीत गाकर माहौल में रंग भर दिए। ढोलक की थाप के बीच महिलाओं ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत किया। मंत्राणी शोभा गुप्ता ने कहा कि माथुर वैश्य समाज बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि तथा केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष स्वदेश गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता तथा अर्चना गुप्ता के हाथों में भी मेहंदी लगाई गई। अध्यक्षीय सलाहकार नीरा गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। कुमकुम गुप्ता, रश्मि गुप्ता, पूजा गुप्ता, सुनीता गुप्ता, विमलेश गुप्ता, रजनी गुप्ता, लता गुप्ता, पुष्पा आर्या, नीतिका गुप्ता, सावित्री ने व्यवस्था संभाली। सरोज गुप्ता, रेनू गुप्ता, डॉ. प्रतिष्ठा गुप्ता, बबिता गुप्ता, ओमवती गुप्ता ने सहयोग दिया। अंत में सभी सदस्यों ने कन्याओं को नवजीवन में प्रवेश के लिए बधाई दी।