ताज में पर्यटकों के लिए होंगे उचित इंतजाम
जागरण संवाददाता, आगरा: केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री के औचक निरीक्षण के बाद विश्वदाय स्म
जागरण संवाददाता, आगरा: केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री के औचक निरीक्षण के बाद विश्वदाय स्मारक ताज में व्यवस्थाएं सुधारने को कसरत शुरू कर दी गई हैं। गुरुवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के निदेशक संरक्षण ने ताज में हालातों का जायजा लिया।
मंगलवार को केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर ताज का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने पश्चिमी गेट पर ताज का फर्श मार्ग से नीचा होने से सैलानियों को होने वाली दुविधा के निराकरण को कहा था। साथ ही उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए टॉयलेट के विस्तार और ड्रिंकिंग वाटर फेसिलिटी की सुविधा बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गुरुवार शाम एएसआइ के निदेशक संरक्षण जाह्नवीज शर्मा ने ताज का दौरा किया। पश्चिमी गेट पर फर्श का लेवल सही नहीं होने पर उन्हें अवगत कराया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार ताजगंज प्रोजेक्ट में सड़क छह इंच नीची होने के बाद स्थिति सही हो जाएगी। उन्होंने टॉयलेट के विस्तार की संभावना भी तलाशी। इसके लिए सुलभ इंटरनेशनल से बात की जाएगी। अगर वह यह काम नहीं करता तो एएसआइ स्वयं टॉयलेट्स का पुनरुद्धार कराएगा। वहीं, नौबतखाना व मेहमानखाना के बीच दीवाल के सहारे आरओ प्लांट लगाया जाएगा, जिससे मुख्य गुंबद देखकर आने के बाद सैलानियों को पेयजल की समस्या से परेशानी न हो।