वकीलों ने थाम दी दिल्ली हाईवे की रफ्तार
जागरण संवाददाता, आगरा: मौसम जितना ठंडा था, वकीलों का जोश उतना ही ज्यादा था। शनिवार को दर्जनों वकीलों
जागरण संवाददाता, आगरा: मौसम जितना ठंडा था, वकीलों का जोश उतना ही ज्यादा था। शनिवार को दर्जनों वकीलों ने 'वी वांट हाईकोर्ट' की हुंकार भरते हुए आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे ठप कर दिया। आधा घंटे तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। सड़क के दोनों तरफ लंबी कतारें लग गई। राहगीर परेशान हो उठे, आखिर वकीलों ने मुश्किल देख जाम खोल दिया।
सस्ते न्याय के लिए आगरा में उच्च न्यायालय खंडपीठ की स्थापना को अधिवक्ता लगातार संघर्षरत हैं। गुरुवार को बरसात की वजह से वकीलों को आगरा-दिल्ली हाईवे जाम का कार्यक्रम रद करना पड़ा। मगर, शनिवार को निर्धारित वक्त पर वकील दीवानी में आगरा बार हॉल के सामने इकट्ठे हो गए। ठीक साढ़े बारह बजे वकीलों ने जुलूस शुरू किया। दीवानी परिसर में चक्कर लगाकर एमजी रोड, भगवान टॉकीज चौराहा से तुलसी टॉकीज के सामने हाईवे पर आंदोलनकारी वकील पहुंचे। ठीक एक बजे वकीलों ने आगरा-दिल्ली हाईवे की दोनों लेन कब्जा लीं। उनके हाथ में 'ओबामा गो बैक' लिखा बैनर भी था। वह 'वी वांट हाईकोर्ट' और 'जहां बना है ताज और फोर्ट, वहीं बनेगा हाईकोर्ट' के नारे लगाते हुए बस और ट्रकों पर चढ़ गए। कुछ वकील हाईवे पर लेट गए। इससे दोनों तरफ वाहनों लंबी लाइन लगती चली गईं। सीओ हरीपर्वत एके सिंह दो थानों के फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने। कह दिया कि कम से कम आधा घंटे तक जाम लगाने के बाद ही हटेंगे।
ठीक दो बजे तक वकील वहीं जमे रहे और पुलिस उनके हटने का इंतजार करती रही। इस बीच लोग परेशान होने लगे तो नारेबाजी करते वकील वापस चले गए। हालांकि आंदोलन के चलते नेशनल हाईवे का यातायात लगभग एक घंटे बाद तक प्रभावित रहा।
---
राह गुजरते भाजपा नेता और बच्चे भी बिठाए
हाईवे जाम के दौरान भाजपा के आगरा लोकसभा संयोजक नवीन जैन सर्विस लेन से गुजर रहे थे। वह देखने के लिए रुके तो कुछ वकीलों ने उन्हें भी हाईवे पर बिठा लिया। थोड़ी देर रुकने के बाद वह चले गए। इसी तरह वहां से गुजर रहे छोटे-छोटे बच्चे भी प्रदर्शन में शामिल कर लिए गए।
---
ये रहे मौजूद
संघर्ष समिति के संयोजक केडी शर्मा, सचिव अरुण सोलंकी, विजय शर्मा, उप्र बार काउंसिल की सदस्य दरवेश यादव, ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र लाखन, आगरा बार के अध्यक्ष अविनाश शर्मा, सचिव शैलेंद्र रावत, करतार सिंह भारतीय, मेहताब सिंह, समिति के मीडिया प्रभारी मनीष सिंह, लाल बहादुर राजपूत, राजीव उपाध्याय, अरुण पचौरी, गजेंद्र शर्मा, मृगेश कुलश्रेष्ठ, हेमंत भारद्वाज आदि शामिल थे।
खुश थे वकील
वकील खंडपीठ की मांग को लेकर ओबामा को ताज रोकने की मांग भी कर रहे थे। दोपहर को जब उन पर ओबामा का दौरा रद होने की जानकारी पहुंची तो खुश हो गए। कुछ वकील तो आपस में बात कर रहे थे कि उनके आंदोलन की वजह से ही दौरा रद हो गया। आखिर अमेरिकी खुफिया टीम ने रिपोर्ट पहुंचाई होगी कि जब भारतीय सुरक्षा एजेंसियां वकीलों को ताज तक पहुंचने के रिहर्सल से नहीं रोक सकीं तो अमेरिकी राष्ट्रपति के समय कैसे रोक पाएंगी।