हैरतअंगेज: तिरंगा लेकर 12 हजार फीट से लगाई छलांग
सेना युद्ध में तो पराक्रम दिखाती ही है, इससे इतर भी उसके तमाम हैरतअंगेज कारनामे दांतों तले अंगुलियां दबाने को मजबूर कर देते हैं।
आगरा (जेएनएन)। सेना युद्ध में तो पराक्रम दिखाती ही है, इससे इतर भी उसके तमाम हैरतअंगेज कारनामे दांतों तले अंगुलियां दबाने को मजबूर कर देते हैं। सेना पुलिस के कोर दिवस पर मंगलवार को पैरा कमांडर 12 हजार फीट की ऊंचाई से तिरंगा लेकर कूदे, तो हर कोई देखता ही रह गया।
पढ़ें- शहीद नितिन यादव के अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब
भारतीय सेना की कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस (सीएमपी) का मंगलवार को 77वां कोर दिवस था। इस अवसर पर सेना पुलिस के जवानों ने स्टेटिक और फ्री फाल जंप लगाई। पैरा कमांडर 12 हजार फीट की ऊंचाई से कूदे। हवा में गोते लगाते जवानों को देख वहां मौजूद लोग अचंभित रह गए। 23 पैरा के कर्नल जोसफ तिरंगा और सेना पुलिस के कर्नल अजय कुमार सेना पुलिस का झंडा लहराते हुए आसमान से जमीन पर आए। सौ से ज्यादा जवानों ने हवा में करतब दिखाए। इसके अलावा पैरा मोटर डिस्प्ले आकर्षण का केंद्र रहा। जवानों ने आसमान से लोगों के ऊपर फूल बरसाए। इस अवसर पर डिप्टी स्टेशन कमांडर मंजीत सिंह भी उपस्थित रहे।
क्यों मनाया जाता कोर दिवस
सेना पुलिस का गठन द्वितीय विश्वयुद्ध में दौरान जुलाई 1939 में हुआ था। शुरुआत में इसमें भारतीय सेना और ब्रिटिश सेना के जवान थे। उस समय इसे फोर्स फॉर प्रोवोस्ट यूनिट का नाम दिया गया था। आजादी के बाद 18 अक्टूबर 1947 को इसे कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस के नाम से जाना गया। इस दिन को कोर राइजिंग डे के नाम से मनाया जाता है।