दिल्ली में दम दिखाने को मिलाए हाथ
जागरण संवाददाता, आगरा: हड़ताल को लेकर मतभेद अब भी हैं, लेकिन अधिवक्ता फिलहाल भूल सुधार की राह पर हैं।
जागरण संवाददाता, आगरा: हड़ताल को लेकर मतभेद अब भी हैं, लेकिन अधिवक्ता फिलहाल भूल सुधार की राह पर हैं। उच्च न्यायालय खंडपीठ के लिए दिल्ली में दम दिखाने को वकीलों ने हाथ मिला लिए हैं। शुक्रवार को सभी ने मिलकर जुलूस निकाला और एकजुटता का संदेश दिया।
आगरा में खंडपीठ स्थापना के लिए संघर्ष समिति ने गत दिवस जिले भर के अधिवक्ता संघों की बैठक बुलाई थी। इसमें हड़ताल का विरोध करते हुए ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन सहित अन्य एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हंगामा कर दिया। संघर्ष समिति पर अकर्मण्यता के आरोप लगाते हुए उसे भंग करने की मांग भी उठाई। इसके बावजूद संघर्ष समिति ने गुरुवार को फिर कार्य बहिष्कार किया। इसके बाद माना जा रहा था कि अब वकीलों में दूरियां बढ़ेंगी, मगर कुछ वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर स्थिति लगभग संभाल ली है। शुक्रवार दोपहर सभी अधिवक्ता संघ संघर्ष समिति के साथ आ गए और समर्थन का संदेश देने के लिए दीवानी परिसर में जुलूस निकाला। समिति संयोजक केडी शर्मा ने बताया कि कुछ गलतफहमियां थीं, जो दूर हो गई हैं। खंडपीठ के मुद्दे पर आगरा का हर अधिवक्ता साथ है। समर्थन में अंबेडकर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पोस्टकार्ड अभियान भी चलाया।
प्रवक्ता मनीष कुमार सिंह ने बताया कि अब साथ मिलकर दिल्ली प्रदर्शन की रणनीति बनाई जाएगी। चार दिसंबर को मंडलीय बैठक होगी। शनिवार को स्थानीय अधिवक्ता संघों की बैठक दीवानी हाल में दोपहर बारह बजे से होगी।
--
अचल शर्मा ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
आपस में टकराव पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने क्षोभ जताया। आगरा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अचल शर्मा ने सुबह ही घोषणा कर दी थी कि यदि वकील खंडपीठ आंदोलन के मुद्दे पर एकराय नहीं हुए, तो वह 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। वहीं, ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र लाखन का कहना था कि खंडपीठ के मुद्दे पर वह संघर्ष समिति के साथ हैं। उनका विरोध सिर्फ बेवजह हड़ताल को लेकर था।
---
समर्थन में बाबूलाल, आज कठेरिया से करेंगे मुलाकात
शुक्रवार सुबह संघर्ष समिति के संयोजक केडी शर्मा, सचिव अरुण सोलंकी, आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश शर्मा, विजय शर्मा, सुधीश जैन आदि ने फतेहपुर सीकरी के सांसद चौ. बाबूलाल से मुलाकात की। उनसे खंडपीठ के लिए समर्थन मांगा। कहा कि संसद में मेरठ के सांसद आवाज उठा रहे हैं, तो आप क्यों खामोश हैं। इस पर सांसद ने उन्हें बताया कि उनका सवाल लगा हुआ है। जैसे ही नंबर आएगा, इस मुद्दे को उठाया जाएगा। जसवंत सिंह आयोग की सिफारिश लागू कराने की मांग करेंगे। चौ. बाबूलाल का कहना है कि आगरा में खंडपीठ स्थापना का वह पूर्ण समर्थन करते हुए अधिवक्ताओं के साथ हैं। समिति शनिवार को आगरा आ रहे केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री एवं सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया से भी मुलाकात का प्रयास करेगी।