शमसाबाद में महिला की बेरहमी से हत्या, बवाल
जागरण संवाददाता, आगरा: शमसाबाद में भाई दूज पर पीहर आई महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसके कपड़े अ
जागरण संवाददाता, आगरा: शमसाबाद में भाई दूज पर पीहर आई महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे, पैर और गर्दन पेड़ की जड़ से बंधे थे। लिहाजा, दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई है। सूचना पर पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीण भड़क उठे। शव को छीनकर पुलिस वालों से हाथापाई भी कर दी। लगभग चार घंटे तक चले हंगामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
घटना शमसाबाद के चंदौरा गांव की है। शनिवार शाम ग्रामीणों ने सूखे नाले में महिला का शव पड़ा देखा। महिला का बायां पैर और गर्दन, बैग की तनी से बंधे हुए थे। जिन्हें ऊपर एक छोटे शीशम के पेड़ की जड़ से बांध दिया गया था। थोड़ी दूरी पर मिठाई, कपड़े और नारियल के गोले पड़े हुए थे। महिला की शिनाख्त शमसाबाद के लुहारी गांव निवासी विजय सिंह की 26 वर्षीय बेटी पिंकी के रूप में हुई। पिंकी की शादी पांच साल पहले राजाखेड़ा के नंदौरा निवासी जीतपाल से हुई थी। शनिवार को वह भैया दूज पर ससुराल से यहां आई थी, मगर मायके नहीं पहुंची।
ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन वह दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों आक्रोशित हो गए। पोस्टमार्टम के लिए शव को उठाने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों से शव छीन लिया। जमकर खींचतान और हाथापाई हुई। इसके बाद शव को गांव की ओर लेकर भाग निकले। करीब एक किमी दूर जाकर खेत में शव को रख लिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी उन्हें समझाते रहे, तब जाकर रात करीब आठ बजे ग्रामीणों ने शव को उठने दिया।
इंस्पेक्टर शमसाबाद एमए काजी का कहना है कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।