सैलानियों की राह में नहीं होंगे डलाबघर
जागरण संवाददाता, आगरा: एक बार फिर ग्रीन आगरा-क्लीन आगरा की थीम पर आगरा ने कदमताल की है। शहर में आने
जागरण संवाददाता, आगरा: एक बार फिर ग्रीन आगरा-क्लीन आगरा की थीम पर आगरा ने कदमताल की है। शहर में आने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों को ताजनगरी साफ सुथरी व खूबसूरत लगे, इसके बंदोबस्त किए जा रहे हैं। पर्यटन सीजन से पहले शहर के सभी मुख्य मार्ग व स्थानों से डलाबघर हटाने का आदेश दिया है। इनको अंदरूनी हिस्सों में ट्रांसफर करने और वहां नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था होगी।
सफाई के नगर निगम के दावों के बाद भी शहर में गंदगी व कूड़ा नहीं उठने की शिकायत बरकरार है। हाल ही में मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पर्यटन सीजन से पहले किए जाने वाले बंदोबस्त पर चर्चा हुई। ऐतिहासिक स्थलों के आसपास गंदगी, डलाबघर से उठती दुर्गध व कूड़ा न उठने पर नाराजगी जताई गई। कहा कि इससे ताजनगरी की छवि प्रभावित होती है। मंडलायुक्त ने नगरायुक्त को पर्यटकों के लिहाज से अहम मार्गो व क्षेत्रों से डलाबघर हटाने को कहा।
डलाबघर हटाकर उन्हें ऐसे हिस्सों में ट्रांसफर किया जाएगा, जहां पर्यटकों की नजर उन पर न पड़े। इन डलाबघर को ऐसे स्थानों पर ही बनाने को कहा है, जहां सफाई कर्मचारी आराम से कूड़ा ले जा सकें। मंडलायुक्त ने अक्टूबर के अंत तक डलाबघर शिफ्ट करने को कहा है। इसके बाद पर्यटकों की आमद सबसे ज्यादा होती है।
इसके बाद निगम ने एमजी रोड, ग्वालियर रोड, फतेहाबाद रोड, एमजी-2, बाइपास, यमुना किनारा रोड, ताजगंज क्षेत्र, सिकंदरा, फतेहपुरी सीकरी रोड, एत्माद्दौला, आगरा फोर्ट के आसपास ऐसे स्थानों को चिन्हित करने का काम शुरू किया है। नगरायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि ऐसे डलाबघर फतेहाबाद रोड पर हैं उनकी जांच कराई जाएगी। इन डलाबघरों को शिफ्ट कराने पर विचार किया जाएगा। यहां नियमित कूड़ा उठने की भी व्यवस्था की जाएगी।