Move to Jagran APP

एक लाख यमुना सत्याग्रही बनाने की मुहिम शुरू

By Edited By: Published: Sun, 27 Jul 2014 10:18 PM (IST)Updated: Sun, 27 Jul 2014 10:18 PM (IST)
एक लाख यमुना सत्याग्रही बनाने की मुहिम शुरू

जागरण संवाददाता, आगरा: यमुना रक्षा में जुटे वृंदावन के विख्यात संत जयकृष्ण दास ने अब आगरा को अपना प्रमुख केंद्र बना लिया है। वे अब हर सप्ताह प्रमुख कार्यक्रम करेंगे, जिसमें जगह-जगह जन जागरण होगा। इस दौरान उन्होंने आगरा में एक लाख यमुना सत्याग्रही बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

loksabha election banner

रविवार को ककरैठा, सिकंदरा स्थित श्यामपुरी आश्रम में संत ने जागरण को बताया कि मथुरा-वृंदावन में उन्होंने एक लाख यमुना सत्याग्रही तैयार कर लिये हैं। अब आगरा की बारी है। यहां पर भी एक लाख सत्याग्रही तैयार करने हैं। जिसके लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर जन जागरण किया जाएगा। संकीर्तन किये जाएंगे। इसके बाद इटावा, फीरोजाबाद, पानीपत, सोनीपत आदि में भी इस प्रकार के अभियान चलाए जाएंगे। फिर एक बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसमें सरकार से आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

उन्होंने खेद व्यक्त किया कि केंद्र सरकार ने अपने अभियान में केवल गंगा को शामिल किया है। यमुना की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने मांग की कि यमुना के किनारे जो भी शहर हैं, उनके किनारे बहने वाले नालों को पाइप लाइन के जरिए एक जगह एकत्र किया जाए। जहां उसकी सफाई करने के बाद उसके साफ पानी को सिंचाई के काम में लाया जाए। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वनवासियों ने भगवान राम और ग्वालबालों ने श्रीकृष्ण का धर्म स्थापना में सहयोग किया था, उसी प्रकार वे छोटे-छोटे लोगों को जोड़ कर उन्हें सत्याग्रही बना रहे हैं। उन्हीं के सहयोग से उन्हें सफलता मिलेगी। साधु संतों का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि यमुना को हथिनी कुंड पर बंधक बना लिया गया है। दिल्ली के कारखानों के जहर यमुना में बह रहे हैं। जिसमें मथुरा, आगरा के निवासी बीमार हो रहे हैं। इसलिए यह अभियान बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि एक अगस्त से 4 अगस्त तक बजीरावाद से ओखला तक यमुना रक्षक दल के कार्यकर्ता पदयात्रा करेंगे। 4 अगस्त को ही दिल्ली के राज्यपाल को ज्ञापन दिया जाएगा।

--------

ककरैठा के आश्रम में गूंजे यमुना के भजन

आगरा: संत जयकृष्ण दास के निर्देशन में रविवार को सिकंदरा के ककरेठा गांव के श्यामपुरी आश्रम में भक्तिमय माहौल बना हुआ था। मंदिर परिसर में आसपास के ग्रामीण और भक्तजन मौजूद थे। यहां संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें साधु संतों के अलावा महिलाएं भी संकीर्तन कर रही थीं।

महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण और यमुना से जुड़े भजन यहां गाए। अगला संकीर्तन वनखंडी महादेव मंदिर पर किया जाएगा। आज संकीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं में आगरा महानगर के अध्यक्ष राजेश्वर महाराज, चौधरी जेपी सिंह, हरीओम बाबा, प्रमोद कुमार शर्मा, विमल कुमार दुबे, फक्कड़ बाबा, वीना गिरी, रजनी चतुर्वेदी, अनुराधा यादव, प्रेमलता तिवारी आदि शामिल हुए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.