स्वागत में टूटे ताज के नियम
जागरण संवाददाता, आगरा: अमेरिकी उप राष्ट्रपति की पत्नी जिल बिडेन के इस्तकबाल के दौरान ताज के सुरक्षा नियम भी टूट गए। विदेशी प्रतिनिधि मंडल का एक सदस्य वीडियो कैमरा लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया। इसकी जानकारी मिलने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई। आखिर सेंट्रल टैंक के नजदीक से उन्हें चेतावनी देकर लौटा दिया गया।
प्रतिनिधि मंडल के साथ जिल बिडेन मंगलवार दोपहर ताज भ्रमण के लिए पहुंची थीं। ताज के अंदर रॉयल गेट से सटकर बने रेड प्लेटफॉर्म तक ही वीडियो कैमरा ले जाने की इजाजत है। जिल बिडेन जैसे ही रॉयल गेट को पारकर मुख्य मकबरे की ओर बढ़ीं, प्रतिनिधि मंडल में शामिल एक विदेशी सदस्य अपने वीडियो कैमरे लेकर आगे बढ़ गया। इस दौरान किसी की उस पर नजर नहीं पड़ी।
वीडियोग्राफी करता हुआ यह जब सेंट्रल टैंक के नजदीक पहुंचा, तब एएसआइ अधिकारियों की नजर उस पर पड़ी। जिसके बाद अधिकारियों ने सदस्य को रोककर प्रतिबंध की जानकारी दी। काफी बहस के बाद अधिकारियों ने उस सदस्य को वापस रॉयल गेट पर भेज दिया। हालांकि अधिकारी मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर