शहर में दिन भर गूंजी शहनाई
जागरण संवाददाता, आगरा: फुलैरा दौज पर नगर में बुधवार को दिन भर शहनाई गूंजी। शहर में कई जगहों पर सामाजिक संगठनों और संस्थाओं द्वारा दहेजरहित सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच नवयुगलों ने जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाई।
लायंस क्लब ने कराया गरीब कन्याओं का विवाह
लायंस क्लब ऑफ आस्था द्वारा लॉयस कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में पांच गरीब कन्याओं का विवाह कराया गया। वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ। दूल्हा-दुल्हन को मुख्य अतिथि लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जितेंद्र सिंह चौहान और उनकी पत्नी बबिता चौहान, वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमरीश सरीन, समाज सेविका रेनू नंदा, शशि गुप्ता, श्री किशन ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया। समिति की अध्यक्ष मीरा गर्ग, सचिव पिंकी कुंद्रा, संगीता नागवानी, कुसुम मित्तल, रेखा अग्रवाल, प्रेम सरीन ने व्यवस्थाएं संभाली।
पांच जोड़ों ने ली सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें
भारत विकास परिषद द्वारा सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन विजय नगर कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में किया गया। पांच जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के बीच जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाई। परिषद द्वारा नवयुगलों को गृहस्थी का सामान दिया गया। परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र कुमार, संयुक्त मंत्री केशव गुप्ता, गायत्री बिल्डर्स के हरिओम दीक्षित ने वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया। व्यवस्थाएं रेखा दीवान, ममता गुप्ता, नीलम, आकांक्षा, रुचि, सीमा, वीना, संगीता, इंदुलता, आदि ने संभाली। समारोह का संचालन बसंत गुप्ता, राजीव अग्रवाल व पूनम पाटनी ने किया।
27 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
राठौर जागृति सभा की ओर से रामबाग स्थित देवी मंदिर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के 27 जोडे़ परिणय सूत्र में बंध गये। 27 दूल्हों की बारात लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। नवयुगलों को मुख्य अतिथि लघु उद्योग विकास निगम के चेयरमैन शिव कुमार राठौर, विशिष्ट अतिथि समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव ललिता राठौर, राष्ट्रीय अध्यक्ष दीना भाई राठौर ने आशीर्वाद दिया। अध्यक्ष ब्रजमोहन राठौर, हजारी लाल राठौर, दिनेश कुमार, मुन्नालाल, रामसहाय राठौर, डालचंद राठौर, गोपाल दास, मनोज राठौर आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
छह जोड़ों ने लिए सात फेरे
जनकल्याण बर्धिया प्रजापति एसोसिएशन द्वारा तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन कैला देवी मंदिर रामजीत नगर अलबतिया में किया गया, जिसमें समाज के छह जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। वर-वधु को गृहस्थी का सामान संगठन द्वारा दिया गया। संस्था के संरक्षक अमर सिंह, मुख्य अतिथि सतीशचंद वर्मा प्रजापति, अध्यक्ष प्रेमसिंह प्रजापति, महामंत्री लीलासिंह प्रजापति, शेर सिंह, सीता राम, मोहन लाल आदि ने नवयुगलों को आशीर्वाद प्रदान किया।
25 दूल्हों की बरात बनी आकर्षण का केंद्र
कोरी समाज सेवा समिति का 14वां सामूहिक विवाह समारोह नामनेर स्थित दुर्गा विद्या मंदिर में हुआ। जिसमें 25 जोड़ों का दहेजरहित सामूहिक विवाह समारोह हुआ। 25 दूल्हों की बरात को छीपीटोला स्थित बाबा नारायन सिंह पहलवान के मंदिर से पूर्व डिप्टी मेयर नवीन जैन ने रवाना किया। आयोजन स्थल पर बरात का स्वागत किया गया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष नागेंद्र दुबे गामा और प्रमोद गुप्ता ने नवयुगलों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान अध्यक्ष अधिवक्ता अशोक कोटिया, लाखन सिंह कोटिया, नरेशचंद कोली, जगदीश प्रसाद कंसोटिया आदि मौजूद रहे।
हमसफर बने 24 जोड़े
प्रजापिता समाज सेवा समिति का सामूहिक विवाह समारोह हुब्बलाल इंटर कॉलेज बालूगंज में हुआ, जिसमें 24 जोडे़ वैदिक रीति-रिवाजों के बीच एक-दूजे के हमसफर हो गए। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री दयाराम प्रजापति ने समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। अध्यक्ष गिर्राज सिंह प्रजापति, महामंत्री मोहन बाबू प्रजापति, डालचंद प्रजापति, प्रभूदयाल प्रजापति, सीताराम प्रजापति, कैलाशचंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर