Move to Jagran APP

जापान : चेरी ब्लॉसम का ऐसा अद्भुत आकर्षण नहीं मिलेगा कहीं देखने को

जापान की परंपराओं में जादुई चेरी ब्लॉसम एक खास स्थान रखता है। माना जाता है कि वसंत के मौसम में चेरी ब्लॉसम ट्री को देखना अपने आप में वाकई एक अद्भुत अनुभव होता है...

By Pratibha Kumari Edited By: Published: Sun, 26 Mar 2017 11:34 AM (IST)Updated: Tue, 04 Apr 2017 12:33 PM (IST)
जापान : चेरी ब्लॉसम का ऐसा अद्भुत आकर्षण नहीं मिलेगा कहीं देखने को
जापान : चेरी ब्लॉसम का ऐसा अद्भुत आकर्षण नहीं मिलेगा कहीं देखने को

जापान में वसंत का मौसम पर्यटकों के लिए बेहद खास होता है, क्योंकि यहां मार्च-अप्रैल के महीने में हर तरफ ‘चेरी ब्लॉसम’ का खास आकर्षण होता है। ‘चेरी ब्लॉसम’ को जापान में ‘सकूरा’ के नाम से भी जाना जाता है। यह जापान का राष्ट्रीय फूल है और इसे खिलते हुए देखना अपने आप में वाकई यादगार अनुभव है। यहां के लोग इसे एक त्योहार के रूप में सेलिब्रेट करते हैं, जिसे ‘हनामी त्योहार’ कहा जाता है। इस फूल को आशा का प्रतीक भी माना जाता है। हर साल यह वसंत के आगमन की सूचना देता है। यह फूल मार्च से अप्रैल के मध्य में खिलता है। जब चेरी ब्लॉसम फूल खिलने लगे, तो समझ लीजिए कि वसंत आ गया है। ऐसे में यहां के लोग अपनी खुशी को व्यक्त करने के लिए इस त्योहार को धूमधाम से मनाते हैं।

loksabha election banner

गोल्डन पैवेलियन
जापान में चेरी ब्लॉसम देखने के लिए कई सुंदर स्थल हैं, जहां पर इस सीजन में पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। इन्हीं में से एक प्रमुख स्थल है, राजधानी क्योटो स्थित किन्काकू-जी, जिसे गोल्डन पैवेलियन भी कहा जाता है।
यहां आकर चेरी ब्लॉसम को देखना एक सुखद एहसास देता है। हर साल बड़ी संख्या में दर्शका यहां खिंचे चले आते हैं। सिर्फ क्योटो ही नहीं, बल्कि उसके अलावा कई ऐसे दर्शनीय स्थल हैं, जहां पर ये फूल बहुतायत में पाए जाते हैं। यहां घूमने-फिरने व जापान की संस्कृति से रूबरू होने के अलावा पर्यटक इस खूबसूरत घटना के गवाह भी बनते हैं। वैसे आप जापान की राजधानी टोक्यो से चेरी ब्लॉसम ट्री देखने की शुरुआत कर सकते हैं। यहां अगर आप चेरी ब्लॉसम देखने जा रहे हैं, तो 26 मार्च से 11 अप्रैल के बीच जाना सही होगा।

यूनो पार्क
टोक्यो के बाद आप यूनो पार्क जा सकते हैं। यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां करीब 8800 प्रजातियों के पेड़ लगे हुए हैं, जिनमें चेरी ब्लॉसम ट्री भी शामिल हैं। इन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। यहां आकर आप यूनो जू, टोक्यो नेशनल म्यूजियम और नेशनल म्यूजियम ऑफ नेचर एेंड साइंस आदि भी देख सकते हैं।

नारा
यदि आप जापान जाएं तो नारा जरूर जाएं। यहां चेरी ब्लॉसम देखने के लिए सबसे सही समय 28 मार्च से 11 अप्रैल के बीच का है। यह जापान का सबसे पुराना इलाका है। यहां आपको सबसे ज्यादा यूनेस्को की वर्ल्‍ड हेरिटेज जगहें देखने को मिलेंगी।

अद्भुत है नारा पार्क
यह चेरी ब्लॉसम देखने के लिए बेहतरीन पार्क है। यहां पर आपको बड़ी संख्या में हिरण भी देखने को मिलेंगे। ये हिरण पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं जो इन्हें कुछ न कुछ खिलाते रहते हैं। चेरी ब्लॉसम के सीजन में पार्क में जाने वाले लोग सकूरा ट्री के साथ इन हिरणों के बीच भी अपना समय गुजार सकते हैं। बड़ों की बात छोड़िए, यह नजारा बच्चों के लिए भी बेहद खास होता है और वे इन हिरणों के बीच मस्ती करते हुए काफी अच्छा समय गुजारते हैं।

हनामी महोत्सव
जापान में हनामी त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है। इस त्योहार को मनाने के लिए कई तरह के पकवान और राइस वाइन तैयार की जाती है। चेरी ब्लॉसम सीजन के दौरान पार्कों में बहार आ जाती है और ये फूलों के साथ लोगों से भी गुलजार रहते हैं। हनामी जापान का मशहूर और काफी पुराना त्योहार है। माना जाता है कि तीन शताब्दियों से यह इसी तरह से मनाया जा रहा है। हनामी से जुड़ा एक और रोचक तथ्य यह भी है कि जब इसे रात में मनाया जाता है, तो इसे योजाकूरा के नाम से जाना जाता है, जिसका मतलब नाइट सकूरा होता है। इस मौके पर कागज की लालटेन बनाई जाती हैं और उन्हें रोशनी के लिए पेड़ों पर टांग दिया जाता है। जापान के
लोग चेरी ब्लॉसम के इतने शौकीन होते हैं कि वे इसे अपनी आइसक्रीम तक में डालते हैं। इसके अलावा, विभिन्न
एडवर्टाइजिंग कैंपेन में भी इनका इस्तेमाल किया जाता है। इतना सब होने के बावजूद भी आपको यह जानकर काफी आश्चर्य होगा कि ‘चेरी ब्लॉसम कैपिटल ऑफ द वर्ल्‍ड’ का दर्जा जापान के किसी शहर को हासिल नहीं है, बल्कि यह टाइटल जॉर्जिया (यूएसए) के मैकन के नाम है, जहां पर सकूरा पेड़ों की संख्या तीन लाख के करीब हैं।

एक हफ्ते का मौसम
चेरी ब्लॉसम की शुरुआत मार्च के मध्य से शुरू होती है और अप्रैल तक क्योटो और टोक्यो तक पहुंच जाती है। यह
फूल सिर्फ एक हफ्ते तक खिलता है। ऐसे में यदि आप भी इसे देखना चाहते हैं और इस आकर्षक मौके का गवाह
बनना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको उसी के अनुसार प्लानिंग करके जाना चाहिए। ऐसा होने पर न सिर्फ आपको जापान घूमने का मौका मिलेगा, बल्कि आपको वहां के खूबसूरत चेरी ब्लॉसम को देखने का सपना भी पूरा हो जाएगा, जिसके लिए वसंत का मौसम काफी अनुकूल होता है। 

 200 से ज्यादा है वैरायटी
जापान में 200 से ज्यादा वैरायटी के चेरी ब्लॉसम देखने को मिलते हैं, जिनमें सोमाई योशिनो सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। यह सफेद रंग का फूल होता है और इसमें थोड़ा हिस्सा गुलाबी रंग का होता है। यह आमतौर पर एक हफ्ते से ज्यादा समय तक नहीं रहता है। यह हमें बताता है कि जीवन क्षणभंगुर है। ऐसे में फूलों की खूबसूरती के साथ यह लोगों को एक तरह से संदेश भी देता है।

- नेहा मेहरोत्रा

यह भी पढ़ें: वन्य जीवों को निहारना है तो करें सैर कर्नाटक की


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.