अमेजन पर तिरंगे वाले पायदान के बाद लिस्ट हुई महात्मा गांधी की शक्ल वाली चप्पल
अमेजन ने एक बार फिर भारत का अपमान किया है। भारतीय तिरंगे की प्रिंट के पायदान के बाद अमेजन अमेरिका की वेबसाइट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर वाली चप्पल नजर आ रही है
नई दिल्ली। ऑनलाइन रिटेल स्टोर अमेजन इंडिया ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ फ्लिप-फ्लाप (चप्पल) बिक्री के लिए उपलब्ध कराई है। इस प्रोडेक्ट पर विवाद बढ़ता जा रहा है। ट्विटर पर कुछ यूजर्स ने इस प्रोडक्ट को लेकर MEA और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उचित कदम उठाने की अपील की है। अमेजन अमेरिका की वेबसाइट पर इस प्रोडक्ट का विक्रेता कैफेप्रेस से रजिस्टर है। इसकी कीमत 16.2 डॉलर यानि करीब 1100 रुपये है।
अमेजन ने भारतीय तिरंगे का भी किया था अपमान:
वहीं, इससे पहले अमेजन कनाडा की वेबसाइट से भारतीय तिरंगे की प्रिंट के पायदान बेचे जा रहे थे। जिसपर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कंपनी को जमकर फटकार लगाई थी। जिसके बाद कंपनी ने प्रोडेक्ट को साइट से हटा दिया था। साथ ही माफी भी मांगी गई थी।
इस पूरे मामले को लेकर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा था कि अमेजन जल्द से जल्द अपनी वेबसाइट से हर उस प्रोडक्ट को तुरंत हटाए, जो भारतीय तिरंगे का अपमान करते हैं। अगर तत्काल प्रभाव से ऐसा नहीं किया गया, तो अमेजन के किसी भी कर्मचारी को भारत का वीजा नहीं दिया जाएगा। साथ ही इससे पहले दिए गए वीजा को भी तुरंत रद्द कर दिया जाएगा।
सुषमा स्वराज के ट्वीट के जवाब में अमेजन इंडिया लिमिटेड के उपाध्यक्ष और कंट्री मैनेजर अमित अग्रवाल ने एक पत्र भेजा था। जिसमें कहा गया था कि, ‘‘मैं यह पत्र भारतीय तिरंगे वाले उत्पादों के सिलसिले में लिख रहा हूं, जैसा कि आपके ट्वीट में उल्लेखित था। अमेजन इंडिया भारतीय कानूनों और मान्यताओं का सम्मान करने को प्रतिबद्ध है। कनाडा में थर्डपार्टी विक्रेता की पेशकश किये जा रहे इन सामानों ने भारतीय संवेदनाओं को ठेस पहुंची, अमेजन इसके लिए खेद जताता है। हमारा कभी भी भारतीय भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा या मतलब नहीं था।’’