अखंड राष्ट्र का संदेश देगा सिंधु दर्शन उत्सव
23 से 26 जून तक लेह (लद्दाख) में मनाए जाने वाले सिंधु दर्शन उत्सव में हिमालय परिवार अखंड राष्ट्र का संदेश प्रचारित करेगा। कार्यक्रम में हिमालयी राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही यहां की गंभीर समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
देहरादून। 23 से 26 जून तक लेह (लद्दाख) में मनाए जाने वाले सिंधु दर्शन उत्सव में हिमालय परिवार अखंड राष्ट्र का संदेश प्रचारित करेगा। कार्यक्रम में हिमालयी राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही यहां की गंभीर समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
शुक्रवार को तिलक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय में हिमालय परिवार ने सिंधु दर्शन उत्सव के संबंध में बैठक का आयोजन किया। हिमालय परिवार की प्रदेश अध्यक्ष नीलम सहगल ने बताया कि हिमालय सुरक्षित, देश सुरक्षित ही इस कार्यक्रम की मुख्य संकल्पना है। इसी सोच के आधार पर हिमालय की गोद में बसे सभी राज्यों की संस्कृति, सुरक्षा एवं विकास के बिंदुओं पर विचार-विमर्श इस कार्यक्रम में होगा। जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को भी राष्ट्र एकता के संदेश से रूबरू कराया जा सके। साथ ही देशवासियों को भी सीमांत क्षेत्रों की संस्कृति व परंपराओं का ज्ञान हो पाए। उत्सव में लोगों को हिमालय की खूबसूरती के साथ ही इसके अंतरराष्ट्रीय महत्व की जानकारी दी जाएगी।
उत्तराखंड से इस कार्यक्रम में 25 लोगों को शामिल किया गया है। 23 जून को यात्र की शुरुआत के बाद सिंधु घाट, बहराना साहेब, पेगांग झील भ्रमण, लेह भ्रमण होगा। बैठक में परिवार की जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। देवेंद्र ढिल्लो नगर अध्यक्ष और संजय सिंघल जिला महामंत्री चुने गए। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री अनुराधा सिंह, हरीश नारंग, मंजू कौशिक आदि उपस्थित रहे।