गंगा के घाटों पर उमड़ा आस्था का जन सैलाब
श्रद्धा व उत्साह के साथ लोगों ने गंगा के पावन जल में मेष संक्रांति का स्नान किया। सुबह से दोपहर तक स्नान करने के लिए गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना कर गरीबों के बीच अन्न, वस्त्र व धन दान
पटना। श्रद्धा व उत्साह के साथ लोगों ने गंगा के पावन जल में मेष संक्रांति का स्नान किया। सुबह से दोपहर तक स्नान करने के लिए गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना कर गरीबों के बीच अन्न, वस्त्र व धन दान किए गए।
सूर्योदय के पहले से पहुंचने लगे लोग। मेष संक्रांति के स्नान करने के लिए सर्वाधिक भीड़ शहर के दीघा घाट पर दिखी। यहां पर दीघा, राजीव नगर, आशियाना नगर, बेली रोड एवं बोरिंग रोड के विभिन्न हिस्से आने वाले श्रद्धालुओं ने स्नान किया। सूर्योदय से पहले ही काफी संख्या में श्रद्धालु गंगा किनारे पहुंच चुके थे। स्नान के दौरान पूरा गंगा तट हर-हर महादेव एवं हर-हर गंगे की जय-जयकार से गूंज उठा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा के पानी से भगवान भास्कर को जल अर्पित किया। इसके बाद घाट पर बैठे गरीबों के बीच अन्न-वस्त्र दान दिया। सत्तू-गुड़ का किया भोजन-मेष संक्रांति के स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने चना के सत्तू, गुड़ एवं आम की चटनी का भोजन किया। आचार्य पण्डित विनोद झा वैदिक ने कहा कि मेष संक्रांति का धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक दृष्टि से भी विशेष महत्व है। यह पर्व नए फसलों के स्वागत में मनाया जाता है।
अब शुभ लग्न कल से - सियाबिहारी कुंज ठाकुरबाड़ी के महंत पंडित नागेन्द्र दास ने कहा कि खरमास समाप्त हो गया। गुरुवार से शुभ लग्न शुरू हो जाएगा। कल से शुरू होने वाला शुभ लग्न 12 जून तक चलेगा।