निर्मोही को मिला आसाराम का आश्रम, पोस्टर फाड़े, शिप्रा जल से किया शुद्ध
निर्मोही अखाड़े को सिंहस्थ के लिए मंगलनाथ क्षेत्र स्थित यौन उत्पीड़न के आरोपी आसाराम का आश्रम आवंटित किया गया है।
उज्जैन। निर्मोही अखाड़े को सिंहस्थ के लिए मंगलनाथ क्षेत्र स्थित यौन उत्पीड़न के आरोपी आसाराम का आश्रम आवंटित किया गया है। यहां आसाराम के कई पोस्टर लगे हुए थे। संतों द्वारा कई बार कहने के बाद भी सेवादारों ने पोस्टर नहीं हटाए तो संत खुद हटाने पहुंच गए। पोस्टर हटाने के बाद आश्रम को शिप्रा के जल से शुद्ध भी किया गया।
मंगलनाथ रोड पर आसाराम का आश्रम है। यह जगह इस बार निर्मोही अखाड़े को दी गई है। आवंटन के बाद से निर्मोही अखाड़ा के संतों ने आश्रम के व्यवस्थापकों को अवगत कराया था कि वे आसाराम से संबंधित सामग्री आदि हटा लें।
बार-बार कहने के बाद भी सामग्री आश्रम से नहीं हटाई तो बुधवार को निर्मोही अखाड़ा के संतों और कर्मचारियों ने अपने हाथों से सामग्री हटा दी। अखाड़े के महंत महेशदास के अनुसार आवंटित स्थान पर भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आसाराम के पोस्टरों से अच्छा संदेश नहीं जा रहा था।