शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं की एंट्री मामले पर वार्ता पूरी
महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर उठे विवाद का हल निकालने के लिए जिला प्रशासन ने अच्छी पहल की। इसके बाद भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई और मंदिर के पदाधिकारियों के साथ ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक हुई।
पुणे। महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर उठे विवाद का हल निकालने के लिए जिला प्रशासन ने अच्छी पहल की। इसके बाद भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई और मंदिर के पदाधिकारियों के साथ ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक हुई।
हालांकि, अभी कोई नतीजा तो नहीं निकला है, लेकिन कहा जा रहा है कि बातचीत सकारात्मक रही है। सदस्यों ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री भी उनके पक्ष में हैं।
इससे पहले देसाई ने शुक्रवार को बताया, 'हमें अहमदनगर जिला कलेक्ट्रेट से पत्र मिला है। इसमें बातचीत के लिए छह फरवरी को उपस्थित होने को कहा गया है।' मंदिर के ट्रस्टी दयाराम ने बताया, 'हमें भी वार्ता के लिए बुलाया गया है।' उल्लेखनीय है कि शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी हटाने की मांग पर महिला संगठन भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड ने हाल ही में प्रदर्शन किया था।
संगठन की प्रमुख इस मुद्दे को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस तक लेकर गईं और सहयोग की मांग की थी। 26 जनवरी को देसाई की अगुआई में करीब चार सौ महिलाओं ने मंदिर के चबूतरा पर जाने का प्रयास किया था। पुलिस ने उन्हें मंदिर से करीब 70 किमी पहले सुपा गांव में रोक दिया था।