बद्रीनाथ से निकाले गए सभी यात्री
मौसम के साथ देने के साथ ही बद्रीनाथ राजमार्ग को दुरुस्त करने का कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। हाथीपहाड़ के बाद रविवार को लामबगड़ में भी मार्ग खोल दिया गया। अब बेनाकुली में ही सड़क दुरुस्त होनी बाकी है, जिसके लिए कार्य चल रहा है। इस बीच यात्रियों
देहरादून। मौसम के साथ देने के साथ ही बद्रीनाथ राजमार्ग को दुरुस्त करने का कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। हाथीपहाड़ के बाद रविवार को लामबगड़ में भी मार्ग खोल दिया गया। अब बेनाकुली में ही सड़क दुरुस्त होनी बाकी है, जिसके लिए कार्य चल रहा है। इस बीच यात्रियों में भी जबर्दस्त उत्साह देखा गया और रविवार को 610 यात्री बद्रीनाथ धाम पहुंच गए। साथ ही हेलीकॉप्टर और सड़क मार्ग से बद्रीनाथ और घांघरिया से सभी 3200 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
दूसरी ओर केदारनाथ के लिए हवाई सेवा सुचारू है और रविवार को 256 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। जबकि पैदल यात्रा 30 जून तक स्थगित है। गंगोत्री व यमुनोत्री में यात्रा सुचारू चल रही है। जोशीमठ में मंडलायुक्त सीएस नपलच्याल ने बताया कि गोविंदघाट से बद्रीनाथ व हेमकुंड साहिब के लिए सोमवार से हवाई सेवा शुरू की जा रही है। बद्रीनाथ मार्ग और हेमकुंड में फंसे यात्रियों को निकालने का कार्य रविवार को पूरा हो गया।
गोविंदघाट में 1400 और जोशीमठ में 1300 यात्रियों को ठहराया गया है। बद्रीनाथ में बीमार पड़े तीन लोगों को हेलीकॉप्टर से जोशीमठ ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंडलायुक्त ने जानकारी दी कि सोमवार से बद्रीनाथ व हेमकुंड के लिए गोविंदघाट से शुरू होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा के लिए प्रति यात्री 2500 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। उधर कुमाऊं मंडल में दारमा घाटी में फंसे 50 लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाल लिया गया। ये पूजा के लिए दारमा घाटी गए थे।