गंगा दशहरा के रंग में रंगा हरिद्वार
गंगा दशहरा से पहले ही धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पंचपुरी गंगा दशहरा के रंग में रंगी हुई है।
हरिद्वार। गंगा दशहरा से पहले ही धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पंचपुरी गंगा दशहरा के रंग में रंगी हुई है। गुरुवार को गंगा दशहरा पर गंगा पूजन व स्नान के लिए यहां स्नानार्थियों का रैला उमड़ा हुआ है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में भारी भीड़ रही।
गंगा दशहरा पर गंगा पूजन और पुण्य की डुबकी लगाने के लिए दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार, पंजाब समेत विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। बुधवार को तो श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी। शाम तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। इंतजार बस गुरुवार को गंगा दशहरा पर गंगा पूजन और गंगा स्नान कर पुण्य हासिल करने का है। बुधवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। होटल धर्मशाला खचाखच भरे हुए हैं, कई श्रद्धालु गंगा तट पर ही रात भी गुजार रहे हैं। हरकी पैड़ी का बाजार भी गंगा दशहरा के रंग में रंगा हुआ है। गंगाजली से लेकर धार्मिक सामग्री की बिक्री जोरों पर है।
गंगा सभा कराएगी धार्मिक कार्यक्रम-
गंगा दशहरा की तैयारियों में श्री गंगा सभा भी जुटी हुई है। गुरुवार को दशहरा पर सुबह आठ बजे 11 ब्राह्मण मां गंगा का लघु रुद्राभिषेक करेंगे। शाम सवा सात बजे होने वाली सांध्यकालीन आरती में महाभिषेक व 56 भोग का धार्मिक कार्यक्रम होगा। सभा के प्रचार मंत्री अखिलेश ने बताया कि दो दिनों तक चौबीस घंटे सफाई अभियान चलाया जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर