गंगा दशहरा पर श्रद्वालुओं की भीड़
गंगा दशहरा पर्व पर श्री गंगा सभा ने धार्मिक कार्यक्रम कर लघुरुद्र व मां गंगा का महाभिषेक किया।
हरिद्वार। गंगा दशहरा पर्व पर श्री गंगा सभा ने धार्मिक कार्यक्रम कर लघुरुद्र व मां गंगा का महाभिषेक किया। इस दौरान गंगा की पवित्रता व निर्मलता बनाए रखने के लिए संकल्प दिलाया गया।
गुरुवार को गंगा दशहरा पर श्री गंगा सभा ने सुबह लघुरुद्र अभिषेक के साथ मां गंगा का पूजन किया। सायंकालीन गंगा आरती से पूर्व गंगा जी का महाभिषेक किया गया। साथ ही गंगा जल की पवित्रता एवं निर्मलता बनाए रखने का संकल्प सबको दिलाया गया। लोगों ने ब्रह्मकुंड पर गंगा मैया को साक्षी मानकर गंगा के जल की पवित्रता एवं निर्मलता बनाए रखने की सौगंध खाई गई। इस दौरान श्री गंगा सभा के कार्यकारी अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि सभा सौ साल से गंगा आरती का दिव्य व भव्य आयोजन कर रही है। आरती के जरिए यह संदेश देने का कार्य किया जा रहा है कि गंगा साक्षात देवी है और आरती के योग्य है। इसलिए गंगा के प्रति पूज्य भाव को रखते हुए संकल्प लेना चाहिए कि गंगा को कभी प्रदूषित नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर महामंत्री वीरेंद्र श्रीकुंज, श्रीकांत वशिष्ठ, प्रचार मंत्री अखिलेश शास्त्री, कोषाध्यक्ष यतीन्द सिखौला, आय-व्यय निरीक्षक त्रिलोचंद्र शर्मा, प्रेम त्रिपाठी, प्रतीक मिश्रपुरी, अंशुल श्रीकुंज, सिद्धार्थ चक्रपाणी आदि मौजूद थे। अखिल भारतीय युवा तीर्थ पुरोहित महासभा ने गंगा दशहरा पर गंगा में दुग्धाभिषेक किया। कार्यक्रम में महासभा अध्यक्ष उज्जवल पंडित, ब्रजेश पुरी, प्रणव सिखौला, अमित, सौरभ शिवपुरी, हरिओम, मनीष, अमन बंसल आदि मौजूद थे।
गंगा दशहरा पर गंगा आरती की सीडी का विमोचन किया गया। अनुराग शर्मा व दीपिका असवाल द्वारा गाए हुए गीतों की सीडी का हरकी पैड़ी पर श्रीगंगा सभा के महामंत्री वीरेंद्र श्रीकुंज ने विमोचन किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर