अब मजबूत बने हर बाल
बाल हर चेहरे की शान होते हैं। लेकिन आधुनिक लाइफस्टाइल के कारण बालों को सही पोषण नहीं मिल पाता। जिसके चलते वे कमजोर होकर टूटने लगते हैं। चेहरे की तरह बालों के लिए भी हेयर मास्क जरूरी है। सखी के साथ जानें कुछ घरेलू हेयर मास्क।
बालों का गिरना आज की सबसे बडी समस्या है। दरअसल, बालों की देखभाल के प्रति जरा सी भी लापरवाही, उनके स्वास्थ्य पर सीधा असर डालती है। बालों को पोषण देने के लिए सही और संतुलित आहार जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है हेयर मास्क। बालों को मजबूत बनाने के लिए ब्यूटी एंड हेयर एक्सपर्ट पूजा गोयल बता रही हैैं कुछ खास हेयर मास्क। इन्हें अपनाइए और फर्क देखिए बस कुछ ही हफ्तों में।
हिबिस्कस हेयर मास्क
2 अंडों की सफेदीऔर हिबिस्कस के सूखे फूलों का पाउडर एक साथ मिलाकर पेस्ट तैयार करें। फिर इसे सिर की त्वचा पर लगाएं। बीस मिनट बाद अच्छी तरह साफ कर लें।
जेलेटिन हेयर मास्क
अनफ्लेवर्ड जेलेटिन में पानी और कुछ बूंदें विनेगर मिलाएं। फिर इस पेस्ट को 7-10 मिनट के लिए सिर की त्वचा और बालों पर लगाकर छोड दें। यह मास्क न सिर्फ बालों को मजबूत बनाने में मदद करेगा, उनमें चमक भी लाएगा।
एवोकैडो हेयर मास्क
1 मसले हुए एवोकैडो में 1 चम्मच शहद मिलाकर बालों में 15-20 मिनट तक लगाएं। फिर ताजे पानी से धो लें। इससे बाल चमकदार, रेशमी और बाउंसी नजर आएंगे।
कोकोनट हेयर मास्क
कोको बटर और कोकोनट वॉटर को बराबर-बराबर मात्रा में मिलाकर सिर की त्वचा पर आधा घंटे तक लगाएं। ठंडे पानी से धो लें। इससे बालों को पोषण मिलेगा और प्राकृतिक नमी भी।
आमंड हेयर मास्क
रूखे, बेजान और उलझे बालों के लिए यह मास्क वरदान है। इसके लिए 2 अंडों की सफेदी में कुछ बूंदें बादाम के तेल की मिलाकर बालों में लगाएं। आधे घंटे बाद साफ पानी से बालों को अच्छी तरह धो लें।