वसुंधरा विरोधी घनश्याम तिवाड़ी ने नई पार्टी बनाने के संकेत दिए
राजस्थान भाजपा में विद्रोह की तैयारी शुरू हो गई। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ मुहिम चला रहे वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी ने नई पार्टी बनाने के संकेत दिए।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान भाजपा में विद्रोह की तैयारी शुरू हो गई। लम्बे समय से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ मुहिम चला रहे वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी ने बुधवार को नई पार्टी बनाने के संकेत देते हुए कहा कि अब जो नई ताकत बनेगी वह तीसरी और चौथी नहीं बल्कि पहली होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में लोकतंत्र खत्म हो रहा है। प्रदेश में जनता की सरकार नहीं है।
दीनदयाल वाहिनी नामक संगठन के पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए तिवाड़ी ने कहा कि हमारे साथ जनसंघ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलते वाले कार्यकर्ता है। वर्तमान सरकार से लोग परेशान हो गए, ना तो आम जनता की सुनवाई हो रही है और ना ही पार्टी के कार्यकर्ताओं की सुनवाई हो रही है।
सीएम राजे पर हमला बोलते हुए तिवाड़ी ने कहा कि प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी से सत्ता चलाई जा रही है। मंत्रिमंडल की उपस्थिति गौण हो गई, ब्यूरोक्रेसी सुपर कैबिनेट हो गई, मंत्री असहाय महसूस कर रहे है। ऐसे मंत्रियों को मंत्री पद छोडऩे की सलाह देते हुए तिवाड़ी ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर फैल रहा है। बाहरी लोगों सरकार चला रहे है। इस मौके पर दीनदयाल वाहिनी के सचिव अखिलेश तिवाड़ी ने कहा कि राज्य के 50 हजार बूथों पर समितियां गठित कर आगामी चुनाव की तैयारियां शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नई पार्टी बनने पर प्रदेश,संभाग और जिला एवं बूथ स्तर पर इकाईयां गठित होगी। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए तिवाड़ी समर्थक मौजूद थे। इनमें से अधिकांश भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग शामिल थे।