नागरिकों के लिए यूपी सबसे असुरक्षित : उमा भारती
केंद्रीय मंत्री उमा भारती और भाजपा के यूपी प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि देश में नागरिकों के लिए उत्तर प्रदेश सबसे असुरक्षित है।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। केंद्रीय मंत्री उमा भारती और भाजपा के यूपी प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि देश में नागरिकों के लिए उत्तर प्रदेश सबसे असुरक्षित है। यूपी में कैराना ही नहीं अन्य जिलों में भी पलायन हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जयपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उमा भारती और माथुर ने कहा कि भाजपा यूपी में सरकार बनाएगी।
माथुर ने कहा कि भाजपा यूपी में बिना किसी को प्रोजेक्ट किए भी चुनाव लड़ सकती है। महाराष्ट्र एवं हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि इन दोनों ही प्रदेशों में भाजपा ने किसी को प्रोजेक्ट नहीं किया, फिर भी हम सत्ता में आए। यूपी की चुनावी रणनीति में प्रशांत किशोर को बेवजह ही चाणक्य बताने पर माथुर ने कटाक्ष किया कि वे राजनीतिक परिस्थितियों को समझने में एकदम जीरो हैं।
माथुर ने कहा यूपी में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। वहां के हालात ने आम लोगों को भाजपा के प्रति मोड़ दिया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजस्थान में एक ही पॉवर सेंटर है वो है भाजपा। राजस्थान के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के बारे में अपशब्द बोले जाने पर माथुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को भाषा पर संयम रखना चाहिए।