मनमोहन पर टिप्पणी को लेकर गहलोत का ट्वीट, गृहमंत्री ने जताया खेद
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए अपमानजनक शब्दों के प्रयोग की निंदा की है।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए अपमानजनक और अशोभनीय शब्दों के प्रयोग की निंदा की है। गहलोत ने कहा कि एक कैबिनेट स्तर के मंत्री का इस तरह का आचरण बेहद शर्मनाक है। भाजपा को इस पर त्वरित एक्शन लेते हुए कटारिया को तुरंत पद से हटा देना चाहिए।
गहलोत ने कहा कि बीजेपी के लोग भाषा की मर्यादा को पूरी तरह भूल चुके हैं, ये लोग सत्ता के मद में बुरी तरह चूर है। कोई किसी भी स्तर तक गिरी हुई बयानबाजी करने के लिए स्वतंत्र है कहीं कोई नियंत्रण नहीं है और किसी प्रकार की कार्यवाही का डर भी नहीं है। यही वजह है पद की गरिमा ताक पर है और भाषा पूरी तरह अमर्यादित हो चुकी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कटारिया के बयान की निंदा करते हुए कहा कि यह बयान उनका मानसिक दिवालियापन बताता है।
पायलट ने कहा कि भाजपा के नेता गलत बयानबाजी हमेशा से ही करते रहे है। कटारिया ने अपनी टिप्पणी के बाद फैले बवाल को भांपते हुए सोशल मीडिया पर खेद प्रकट किया।
उन्होंने लिखा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ कुछ दुर्भावना पूर्वक भाषण में नहीं कहा है। किसी को बुरा लगा हो तो खेद प्रकट करता हूं।