आरसीए अध्यक्ष पद पर सीपी.जोशी और रूचिर मोदी के बीच होगा मुकाबला
आरसीए के चुनाव में अध्यक्ष पद पर सी.पी. जोशी और ललित मोदी के बेटे रूचिर मोदी के बीच सीधा मुकाबला होगा।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के सोमवार को होने वाले चुनाव में अब अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सी.पी. जोशी और पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी के बेटे रूचिर मोदी के बीच सीधा मुकाबला होगा।
सोमवार को होने वाले चुनाव के लिए रविवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। इसमें मोदी गुट के भाजपा से राज्यसभा सदस्य हर्षवर्धन सिंह और महमूद आब्दी ने भी 26 मई को नामांकन पत्र दाखिल किया था। लेकिन आज दोनों ने ही नाम वापस ले लिया। इसी तरह जोशी गुट की ओर से रामपाल शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए नामाकंन किया था। उन्होंने भी आज अपना नाम वापस ले लिया। जोशी गुट की रणनीति थी कि यदि वोटों का गणित कमजोर रहता है तो जोशी चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनके गुट से इसी कारण से रामपाल शर्मा का नामांकन पत्र दाखिल कराया गया था। वहीं मोदी गुट को सरकार का अप्रत्यक्ष समर्थन हासिल बताया जाता है। लेकिन कुल 32 मतदाताओं में से रूचिर मोदी को लेकर कई कुछ आपत्तियां थी। इसी कारण सरकार एवं भाजपा के अप्रत्यक्ष समर्थन के चलते रणनीति के तहत राज्यसभा सदस्य हर्षवर्धन सिंह का नामांकन पत्र दाखिल कराया गया था। दो दिन तक चली कसरत के बाद अब दोनों ही गुटों को अपनी जीत पक्की नजर आ रही है, इसी लिए रविवार को नाम वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद के मैदान में जोशी और रूचिर सीधे आमने-सामने हो गए।
सचिव पद पर मोदी गुट की ओर से राजेन्द्र सिंह नांदू और जोशी गुट की ओर से महेन्द्र शर्मा चुनाव लड़ रहे है। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर जोशी गुट की ओर से मो. इकबाल एवं मोदी गुट की ओर से रामप्रकाश चौधरी के बीच मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद पर जोशी गुट ने आजाद सिंह एवं मोदी गुट ने पिंकेश कुमार जैन का मैदान में उतारा है। संयुक्त सचिव के लिए जोशी गुट की ओर से महेन्द्र नाहर एवं मोदी गुट की ओर से शत्रुध्न तिवाड़ी मैदान में है।
उल्लेखनीय है कि जोशी और ललित मोदी दोनों ही पहले आरसीए के अध्यक्ष रहे है। मोदी आईपीएल के पूर्व कमिश्नर भी रहे। पिछले एक वर्ष से ललित मोदी के बेटे रूचिर राजस्थान में क्रिकेट की राजनीति में दिलचस्पी लेने लगे। इसी के तहत पहले वे अलवर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बने और अब आरसीए अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे है।
जोशी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद से क्रिकेट की राजनीति में कम दिलचस्पी ले रहे थे, लेकिन पिछले एक माह से उनके समर्थकों ने उन्हे फिर से आरसीए में सक्रिय होने के लिए राजी किया है। सोमवार को होने वाले चुनाव में 33 जिला क्रिकेट संघों में से 32 क्रिकेट संघ मतदान करेंगे, एक भरतपुर जिला क्रिकेट संघ का विवाद उच्च न्यायालय में लंबित होने के कारण उसे मतदान की अनुमति नहीं दी गई। जानकारी के अनुसार दोनों ही खेमों ने पिछले दो दिन से सदस्यों की बाडेबंदी कर रखी है।