भाजपा राज में लोकतंत्र के पतन का साक्षी बना देश : पायलट
भाजपा विपरीत जनादेश आने के बावजूद सत्ता में काबिज होने के लिए संवैधानिक पदों एवं मूल्यों का हनन कर रही है।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर देश के लोकतंत्र एवं संविधान की भावना के खिलाफ काम करने को निंदनीय करार दिया है। पायलट ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा चुनाव से पहले भी उत्तर-पूर्व के राज्यों में सरकारों को अस्थिर कर रही थी और अब भी जनादेश के खिलाफ जाकर सरकार बनाकर साबित किया है कि भाजपा विपरीत जनादेश आने के बावजूद सत्ता में काबिज होने के लिए संवैधानिक पदों एवं मूल्यों का हनन कर रही है।
उन्होंने कहा कि मणिपुर और गोवा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जीती है, परंतु कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए अवसर देने के स्थान पर भाजपा की सरकारें गठित की जा रही है, जो बताता है कि जनादेश पक्ष में हो या खिलाफ भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति जनादेश को धता बताकर सत्ता पर काबिज होना है।