नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर उतरी
देश में 500 और 1000 के नोट बंदी के विरोध में गुरूवार को राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया गया।
जयपुर, जागरण संवाद केन्द्र। देश में 500 और 1000 के नोट बंदी के विरोध में गुरूवार को राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया गया। जयपुर में प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के नेतृत्व में हुए मार्च में कांग्रेस जन और आम नागरिक भी शामिल हुए।
मार्च को संबोधित करते हुए पायलट ने कहा कि मोदी सरकार और राज्य की सरकार जन भावनाओं को नहीं समझ रही है। आम नागरिक बैंकों के बाहर कतारों में खड़े हैं, जिनके घर में शादी है उन लोगों तक को बैंक खाते से पैसे नहीं दिए जा रहे हैं। समाज का हर वर्ग और हर तबका परेशान है। लेकिन दोनों ही सरकारें जनता का दर्द समझने में भी नाकाम हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस की ओर से जन आक्रोश मार्च निकालकर सभी कलेक्टरों को ज्ञापन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी केन्द्र सहित राज्य सरकार की भी है कि वह ज्ञापन में चिह्निïत समस्याओं को तुरंत दूर करे।
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का दायित्व भी है कि विपक्ष के नाते वह जनता की इस बड़ी परेशानी को सड़कों पर उतरकर सरकार को अवगत कराए। पायलट ने चेतावनी दी कि जन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन को तेज करेगी। राज्य के अन्य जिलों में हुए प्रदर्शन में वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।