नमस्ते नहीं किया तो बीजेपी नेता ने चला दी गोली
राजस्थान के जालौर जिले में सत्ता के नशे में चूर बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने एक शख्स को नमस्ते नहीं करने की ऐसी सजा दे दी कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पहले नेताजी ने फायरिंग की, फिर लाठी से वार किया।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान के जालौर जिले में सत्ता के नशे में चूर बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने एक शख्स को नमस्ते नहीं करने की ऐसी सजा दे दी कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पहले नेताजी ने फायरिंग की, फिर लाठी से वार किया। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में हो रहा है। मामला जालौर जिले के बगौड़ा पुलिस थाने का है।
सोमवार देर रात युवा मोर्चा अध्यक्ष हिंगलाज दान चारण एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां आए थे, यहां सभी लोगों ने उन्हें नमस्कार किया, लेकिन रामनाथ नामक युवक ने ऐसा नहीं किया। रामनाथ नेताजी को देख वहां से जाने लगा। ये बात नेताजी को नागवार गुजरी और उनकी इस युवक से कहासुनी हो गई। मामला इतना आगे बढ़ गया कि नेताजी को गोली चलानी पड़ी। हालांकि युवक को गोली लगी नहीं। इसके बाद उन्होंने लाठी से उसको बुरी तरह से पीटा।
युवक का इलाज राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है। बगौड़ा पुलिस की मानें तो फायरिंग करने की पुष्टिï नहीं हुई है। फिलहाल नेताजी फरार हैं।